क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया की तरफ से 7 अगस्त को उनके सालाना अवॉर्ड्स जीतने वाले खिलाड़ियों के नामों का ऐलान कर दिया गया जिसमें धाकड़ ओपनिंग बल्लेबाज ट्रैविस हेड का जलवा देखने को मिला। हेड जिनका एशेज 2025-26 में बतौर ओपनिंग बल्लेबाज बेहतरीन प्रदर्शन रहा था वह लगातार दूसरी बार ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट का टॉप मेन्स अवॉर्ड एलन बॉर्डर मेडल जीतने में कामयाब रहे हैं, जिसमें उन्होंने मिचेल स्टार्क और एलेक्स कैरी को पीछे छोड़ा है। इसके अलावा स्टार्क को जहां टेस्ट प्लेयर ऑफ द ईयर का अवॉर्ड मिला तो वहीं मिचेल मार्श वनडे प्लेयर ऑफ द ईयर का अवॉर्ड जीतने में कामयाब रहे।
एलन बॉर्डर मेडल एक से अधिक बार जीतने वाले छठे ऑस्ट्रेलियाई बने हेड
ऑस्ट्रेलियन क्रिकेट सालाना अवॉर्ड जीतने वाले विजेता प्लेयर्स के नामों का ऐलान होने के साथ ही ट्रैविस हेड एलन बॉर्डर मेडल लगातार दूसरी बार अपने नाम करते हुए स्पेशल क्लब का भी हिस्सा बन गए। हेड अब सिर्फ छठे ऐसे ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ी हैं जो दो या उससे अधिक बार एलन बॉर्डर मेडल जीतने में कामयाब हो सके हैं। इस मेडल को सबसे चार बार रिकी पोंटिंग, माइकल क्लार्क और स्टीव स्मिथ ने जीता है तो वहीं डेविड वॉर्नर ने तीन बार जबकि शेन वॉटसन ने दो बार इसे अपने नाम किया है और अब इसमें हेड का नाम भी शामिल हो गया है। हेड ने दूसरी बार एलन बॉर्डर मेडल जीतने पर जहां अपनी खुशी जाहिर की तो वहीं उन्होंने कहा कि मुझे लगा कि स्टार्क का यह साल बहुत बढ़िया रहा और एलेक्स कैरी का साल भी शानदार रहा। मुझे लगा कि यह अवॉर्ड किसी को भी मिल सकता था। जिसमें स्टार्क इसे जीतने के मेरे नजरिए से काफी प्रबल दावेदार भी थे, इसलिए मैं आज रात काफी रिलैक्स होकर आया था और यह नहीं सोच रहा था कि मैं जीत के करीब भी होऊंगा। हेड ने एशेज सीरीज में 629 रन बनाए थे, जिसमें पर्थ में रन चेज में उनके बल्ले से शानदार 123 रनों की बेहतरीन शतकीय पारी देखने को मिली थी।
टिम डेविड ने टी20 प्लेयर ऑफ द ईयर का अवॉर्ड
ट्रैविस हेड के अलावा ऑस्ट्रेलियन अवॉर्ड में इस बार अन्य विजेताओं को लेकर बात की जाए तो उसमें मिचेल मार्श जिन्होंने 60 के औसत से 304 रन बनाए उनको वनडे प्लेयर ऑफ द ईयर चुना गया। इसके अलावा टिम डेविड जिनका टी20 इंटरनेशनल में ऑस्ट्रेलिया की तरफ से शानदार प्रदर्शन देखने को मिला वह 49.37 के औसत से 395 रन बनाने के साथ T20I प्लेयर ऑफ द ईयर का अवॉर्ड जीतने में कामयाब रहे। बता दें कि ऑस्ट्रेलिया को अब अपनी अगली इंटरनेशनल सीरीज घर पर 13 अगस्त से बांग्लादेश के खिलाफ 2 मैचों की टेस्ट सीरीज के रूप में खेलनी है, जिसका पहला मैच डॉर्विन के स्टेडियम में खेला जाएगा और हेड कंगारू स्क्वाड का हिस्सा हैं।
ये भी पढ़ें
वैभव सूर्यवंशी का दिखेगा अब नया अवतार, राजस्थान रॉयल्स के साथ बहा रहे हैं पसीना
केएल राहुल ने किया वॉर्म-अप मैच में ब्लंडर, टीम इंडिया के प्लेयर्स का कैच छोड़ने का सिलसिला जारी









