कॉमेडियन-एक्टर राजीव ठाकुर के पिता अब इस दुनिया में नहीं रहे। कॉमेडियन और एक्टर कृष्णा अभिषेक ने एक वीडियो के जरिए इस खबर की पुष्टि की है, जिसे इवेंट मैनेजमेंट कंपनी ने शेयर किया था। दरअसल, कृष्णा अभिषेक, राजीव ठाकुर के साथ इंदौर में एक इवेंट में परफॉर्म करने वाले थे, लेकिन पिता के निधन के चलते अब राजीव ठाकुर इस इवेंट का हिस्सा नहीं बन पाएंगे। ऐसे में कृष्णा अभिषेक ने भी ये इवेंट कैंसिल कर दिया है, जिसका ऐलान उन्होंने एक वीडियो के जरिए किया। वीडियो में, कृष्णा अभिषेक, ऑर्गनाइज़र के साथ नज़र आ रहे हैं और बताया कि वह इवेंट के लिए इंदौर पहुंच चुके थे, लेकिन राजीव के पिता के निधन के बाद अब इवेंट को रीशेड्यूल किया जाएगा।
कृष्णा अभिषेक ने राजीव ठाकुर के पिता के निधन की खबर की पुष्टि की
‘मैं अभी ही इंदौर पहुंचा हूं, लेकिन एक दुखद खबर है। जब हम इंदौर के लिए टेक ऑफ कर ही रहे थे, तभी हमे पता चला कि राजीव ठाकुर के पिता का निधन हो गया। ये हमारे लिए बहुत ही दुखद खबर है। तो मेरी आप सबसे रिक्वेस्ट है कि जिन भी लोगों ने टिकट्स ली हैं, हम अपना ये शो रीशेड्यूल कर रहे हैं और इसे किसी दूसरी तारीख पर करेंगे तो बस इस स्थिति को समझने की कोशिश करें।’
दर्शकों से मांगी माफी
पोस्ट के कैप्शन में लिखा है, ‘दिल से माफी। भारी मन से, जिन्होंने भी इस इवेंट के लिए टिकट्स बुक किए थे, हम उन सभी लोगों से हुई इस असुविधा के लिए माफी मांगते हैं। कुछ कारणों से, हमने इवेंट को टालने का फैसला किया है। हम उन सभी लोगों को टिकट का पूरा रीफंड देंगे जिन्होंने इस इवेंट के लिए अपनी सीटें बुक की थीं। हम नई तारीखों के साथ जल्द ही वापस आने और इस इवेंट को रीशेड्यूल करने का वादा करते हैं। आपके प्यार, समर्थन, धैर्य और समझ के लिए धन्यवाद। यह हमारे लिए बहुत मायने रखता है।’
राजीव ठाकुर का वर्क फ्रंट
जो लोग नहीं जानते, उन्हें बता दें कि राजीव ठाकुर ने टीवी इंडस्ट्री में पहचान बनाने से पहले पंजाबी थिएटर से अपने करियर की शुरुआत की थी। लेकिन, उन्हें ‘द ग्रेट इंडियन लाफ्टर चैलेंज 3’ और ‘कॉमेडी सर्कस’ से पहचान मिली। बाद में, वे कॉमेडी किंग कपिल शर्मा के शो ‘द कपिल शर्मा शो’ में नर आए, जहां उन्होंने कई सपोर्टिंग रोल और स्केच किरदार निभाए, जिनमें ‘राजू’ का किरदार सबसे ज्यादा मशहूर हुआ। पिछले दिनों राजीव अपने एक इंटरव्यू को लेकर भी चर्चा में रहे। राजीव ने गरीबी और संघर्ष के दिनों को याद करते हुए बताया था कि कैसे उनके परिवार ने एक ही कमरे के घर में गुजारा किया। भावुक हो कर उन्होंने कहा कि उनके घर का बाथरूम किसी पब्लिक टॉयलेट जैसा लगता था, क्योंकि उनके घर में 1 ही बाथरूम था तो अगर कोई एक नहा रहा होता था तो बाकी के चार लोगों को बाहर इंतजार करना पड़ता था।
IC 814: द कंधार हाईजैक से बटोरी सुर्खियां
पिछले दिनों राजीव ठाकुर, विजय वर्मा स्टारर हिस्टोरिकल थ्रिलर ‘IC 814: द कंधार हाईजैक’ को लेकर भी खूब सुर्खियों में रहे। इस सीरीज में उन्होंने ‘चीफ’ का किरदार निभाया था। इस सीरीज़ में उनके काम को दर्शकों ने खूब पसंद किया और उनके अभिनय की खूब तारीफ हुई। इस सीरीज में विजय वर्मा, पंकज कपूर, नसीरुद्दीन शाह, दीया मिर्जा और अरविंद स्वामी जैसे कलाकार मुख्य भूमिका में हैं।
ये भी पढ़ेंः 20 साल परोसते रहे ठहाकों का सामान, सारे दोस्त बन गए स्टार, फिर 1 सीरियस रोल से हिला दिया दिमाग, अब हो रही तारीफ








