मथुरा में पुलिस कस्टडी से भागने की कोशिश, आरोपी ने दिल्ली पुलिस के दरोगा पर चलाई गोली; घायल

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें


मथुरा: मथुरा के नौहझील थाना क्षेत्र में यमुना एक्सप्रेसवे पर देर रात उस समय हड़कंप मच गया, जब ट्रांजिट रिमांड पर ले जाए जा रहे एक आरोपी ने दिल्ली पुलिस के पुलिसकर्मी की सर्विस पिस्टल छीन कर फायरिंग कर दी। इस गोलीबारी में दिल्ली पुलिस के उपनिरीक्षक अजय कुमार घायल हो गए। जवाबी कार्रवाई में आरोपी के पैर में भी गोली लगी, जिसके बाद उसे दोबारा गिरफ्तार कर लिया गया।

पश्चिम बंगाल से लेकर दिल्ली आ रही थी पुलिस की टीम

पुलिस के अनुसार, 11/12 अगस्त की मध्यरात्रि करीब सवा 12 बजे दिल्ली पुलिस स्पेशल स्टाफ नॉर्थ वेस्ट की टीम आरोपी वसीम अकरम उर्फ लंबू को पश्चिम बंगाल से दिल्ली ट्रांजिट रिमांड पर लेकर जा रही थी। इसी दौरान यमुना एक्सप्रेसवे पर नौहझील थाना क्षेत्र के माइलस्टोन संख्या 63/64 के पास आरोपी ने बाथरूम जाने की इच्छा जताई।

आरोपी ने बाथरूम का बनाया बहाना

दिल्ली पुलिस के एक कांस्टेबल और उपनिरीक्षक आरोपी को वाहन से उतारकर बाथरूम कराने के लिए सड़क किनारे ले जा रहे थे। इसी दौरान आरोपी ने मौका पाकर कांस्टेबल की सर्विस पिस्टल छीन ली और पुलिस टीम पर फायरिंग करते हुए भागने का प्रयास किया। फायरिंग में उपनिरीक्षक अजय कुमार को गोली लग गई।

आरोपी वसीम अकरम को भी लगी गोली

पुलिस टीम ने तत्काल जवाबी कार्रवाई करते हुए आरोपी पर फायरिंग की। इस दौरान आरोपी वसीम अकरम उर्फ लंबू के पैर में गोली लगी और उसे मौके से ही दोबारा गिरफ्तार कर लिया गया। घायल उपनिरीक्षक अजय कुमार और आरोपी वसीम अकरम को प्राथमिक उपचार के लिए नौहझील सीएचसी लाया गया, जहां से दोनों को बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। घटना के संबंध में नौहझील पुलिस द्वारा आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है। क्षेत्राधिकारी मांट अमरनाथ यादव ने घटना की जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस पूरे मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।

बुलंदशहर में एनकाउंटर

बता दें कि अभी हाल में उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर में नाबालिग के साथ दुष्कर्म के बाद हत्या का आरोपी मुठभेड़ में मारा गया। इस बदमाश के ऊपर 50 हजार रुपये का इनाम था। पुलिस ने एकाउंटर में एक बदमाश को ढेर कर दिया, लेकिनी दूसरा अंधेरे का फायदा उठाकर भाग गया। घटना बुलंदशहर के गुलावठी थाना क्षेत्र की है। छपरावत के पास रविवार तड़के पुलिस और दो बाइक सवार बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई।

पुलिस के मुताबिक, चेकिंग के दौरान रोकने का इशारा करने पर बदमाशों ने पुलिस टीम पर कई राउंड फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई की। एक बदमाश गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि दूसरा बदमाश अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया। बुलंदशहर में पुलिस ने कुछ दिन पहले ही एनकाउंटर में दो आरोपियों को पकड़ा था। ये दोनों हत्या के आरोपी थे और भागने की कोशिश कर रहे थे। ऐसे में पुलिस ने उनके पैर में गोली मारी थी।

रिपोर्ट- विपिन सारस्वत, मथुरा

ये भी पढ़ें: 

ठेकेदार की हत्या का खौफनाक वीडियो वायरल, ब्रह्मभोज में तलवार से ताबड़तोड़ हमले का आरोपी कैमरे में कैद


 

 





Source link

Leave a Comment

और पढ़ें