लगातार सात कारोबारी सत्रों की गिरावट के बाद आखिरकार भारतीय शेयर बाजार में रौनक लौट आई। गुरुवार, 20 अगस्त को बाजार में खरीदारी का जोर देखने को मिला और सेंसेक्स-निफ्टी दोनों बढ़त के साथ बंद हुए। वैश्विक बाजार से मिले सकारात्मक संकेत और अमेरिकी ट्रेजरी यील्ड में नरमी से निवेशकों का भरोसा मजबूत हुआ। खास बात यह रही कि बाजार की तेजी में मीडिया, बैंकिंग और रियल्टी समेत कई सेक्टरों के शेयरों ने अच्छा प्रदर्शन किया।
कारोबार खत्म होने पर सेंसेक्स 628.04 अंक की बढ़त के साथ 77,537.72 पर बंद हुआ। वहीं, निफ्टी 153.55 अंक चढ़कर 24,231.85 के स्तर पर पहुंच गया। दिन के कारोबार के दौरान निफ्टी ने 24,265.15 का ऊपरी स्तर भी छुआ। शुरुआत में बाजार में कुछ मुनाफावसूली देखने को मिली, लेकिन बाद में खरीदारी बढ़ने से इंडेक्स फिर मजबूत हो गया।
इन सेक्टरों में रही सबसे ज्यादा तेजी
गुरुवार को सभी प्रमुख सेक्टोरल इंडेक्स हरे निशान में बंद हुए। मीडिया इंडेक्स करीब 2 फीसदी चढ़ा, जबकि रियल्टी इंडेक्स में करीब 1.4 फीसदी की तेजी रही। इसके अलावा ऑटो, FMCG, फार्मा, IT, प्राइवेट बैंक और इंफ्रास्ट्रक्चर सेक्टर में भी करीब 0.4 से 0.8 फीसदी की बढ़त देखने को मिली। मिडकैप इंडेक्स 0.4 फीसदी और स्मॉलकैप इंडेक्स 0.7 फीसदी ऊपर बंद हुआ।
इन शेयरों ने बाजार को दिया सहारा
निफ्टी के प्रमुख चढ़ने वाले शेयरों में इटरनल, कोटक महिंद्रा बैंक, बजाज फाइनेंस, आईटीसी और श्रीराम फाइनेंस शामिल रहे। वहीं हिंडाल्को इंडस्ट्रीज़, भारत इलेक्ट्रॉनिक्स, टाटा कंज्यूमर, इंटरग्लोब एविएशन और नेस्ले में गिरावट देखने को मिली।
इन कंपनियों के शेयर भी चमके
आदित्य बिड़ला कैपिटल के शेयर में करीब 3 फीसदी की तेजी रही। कंपनी ने गोल्ड लोन कारोबार में प्रवेश किया है। ऑटोलाइन इंडस्ट्रीज को टाटा मोटर्स पैसेंजर व्हीकल्स से नया बिजनेस अवॉर्ड मिलने के बाद शेयर करीब 5 फीसदी चढ़ा। ग्लेनमार्क फार्मास्यूटिकल्स का शेयर करीब 3 फीसदी बढ़ा, क्योंकि कंपनी को अपने नेजल स्प्रे के लिए USFDA की मंजूरी मिली। ब्रिगेड एंटरप्राइजेज में भी 6 फीसदी से ज्यादा की तेजी रही।
रुपये में भी दिखी मजबूती
शेयर बाजार के साथ भारतीय रुपये में भी सुधार देखने को मिला। रुपया तीन दिनों की गिरावट का सिलसिला तोड़ते हुए 95.71 रुपये प्रति डॉलर पर बंद हुआ, जबकि पिछले कारोबारी सत्र में यह 95.76 रुपये प्रति डॉलर था।








