उत्तर प्रदेश के कानपुर रावतपुर के केशवपुरम इलाके में मंगलवार शाम एक सनसनीखेज वारदात से इलाके में हड़कंप मच गया। घर में अकेली 58 वर्षीय महिला की हत्या कर दी गई। वारदात को अंजाम देने के बाद बदमाशों ने शव को कुर्सी पर इस तरह बैठा दिया, जैसे महिला अभी भी जिंदा हो। घर के अंदर सामान बिखरा मिला, जिससे पुलिस को लूट के बाद हत्या किए जाने का शक है। घटना का खुलासा रात में उस वक्त हुआ, जब घर की किराएदार पानी भरने के लिए मोटर चलाने पहुंची। उसने महिला को कुर्सी पर बैठे देखा। कई बार आवाज देने के बावजूद कोई जवाब नहीं मिला। शक होने पर उसने महिला के पति शिवमंगल कुशवाहा को सूचना दी।
शिवमंगल मौके पर पहुंचे तो उन्हें शुरुआत में लगा कि उनकी पत्नी उमा कुशवाहा की तबीयत बिगड़ गई है या उन्हें अटैक आया है। लेकिन पास जाकर देखने पर उनके गले पर काले-नीले निशान दिखाई दिए। कमरे में सामान अस्त-व्यस्त था। इसके बाद हत्या और लूट की आशंका जताई गई। घटना की सूचना पुलिस को दी गई। रात करीब 11 बजे रावतपुर पुलिस के साथ फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए और परिवार के सदस्यों से जानकारी ली।
पांच से छह बजे के बीच वारदात की आशंका
घटना के बाद सूचना पर पहुंचे डीसीपी वेस्ट कासिम आब्दी के अनुसार, शुरुआती जांच में वारदात का समय शाम करीब पांच से छह बजे के बीच माना जा रहा है। इस दौरान महिला घर में अकेली थीं। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि बदमाश किस रास्ते से घर में दाखिल हुए और वारदात के बाद किस दिशा में भागे। आस-पास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस को उम्मीद है कि घटनास्थल के आस-पास लगे कैमरों से संदिग्धों की गतिविधियों के बारे में महत्वपूर्ण सुराग मिल सकता है।
बेटों की जानकारी भी जुटा रही पुलिस
उमा कुशवाहा अपने पति शिवमंगल के साथ रहती थीं। उनका बड़ा बेटा अमरीष घर से कुछ दूरी पर मासवानपुर में रहता है और वहां उसने अपना मकान बनवा रखा है। छोटा बेटा आशीष दिल्ली में स्वास्थ्य मंत्रालय में सीनियर टेक्नीशियन के पद पर कार्यरत है। पुलिस परिवार के सदस्यों और आस-पास रहने वाले लोगों से भी पूछताछ कर रही है। घटना के पीछे सिर्फ लूट का मकसद था या हमलावर महिला को पहले से जानते थे, इस एंगल पर भी जांच की जा रही है।
गले के निशान ने बढ़ाया शक
महिला के गले पर मिले काले-नीले निशान पुलिस की जांच का अहम बिंदु हैं। हालांकि, मौत की वास्तविक वजह पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगी। पुलिस घटनास्थल से मिले साक्ष्यों और फोरेंसिक रिपोर्ट के आधार पर हत्या के तरीके की जांच कर रही है। थाना प्रभारी रावतपुर कमलेश राय के मुताबिक, शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी गई है। लूट और हत्या के कारणों के साथ आरोपियों की पहचान के लिए CCTV फुटेज और अन्य साक्ष्यों की जांच की जा रही है।
फिलहाल, रावतपुर की इस वारदात ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं, बदमाश घर में कैसे दाखिल हुए? क्या महिला को पहले से निशाना बनाया गया था? लूट में क्या-क्या सामान गया? और सबसे बड़ा सवाल, हत्या के बाद शव को कुर्सी पर बैठाने के पीछे बदमाशों का मकसद क्या था? पुलिस इन सभी सवालों के जवाब तलाश रही है। वहीं, यूपी के झांसी में एक महिला का शव उसके कमरे में बिस्तर पर मिला।
(अनुराग श्रीवास्तव की रिपोर्ट)
ये भी पढ़ें-
47km दौड़ती रही बस, भीतर ड्राइवर-कंडक्टर नाबालिग से करते रहे हैवानियत, NHRC ने लिया संज्ञान
9 साल से फरार डबल मर्डर का आरोपी चुम्मा उर्फ नवल किशोर दिल्ली में गिरफ्तार, जानें क्या है पूरा मामला









