इंदौर में ड्रग्स का बड़ा खेल बेनकाब, 29 लाख की कोकीन के साथ नाइजीरियाई महिला गिरफ्तार

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें


इंदौर में नशे के खिलाफ पुलिस का ऑपरेशन लगातार जारी है। इसी कड़ी में चंदन नगर थाना पुलिस के हाथ बड़ी सफलता लगी है। रक्षाबंधन और जन्माष्टमी को लेकर चल रही चेकिंग के दौरान पुलिस टीम आईटी पार्क सिंहासा क्षेत्र में गश्त कर रही थी। इसी दौरान एक विदेशी महिला काले रंग का बैग लेकर संदिग्ध हालत में नजर आई।

पुलिस ने महिला को रोककर पूछताछ की। पूछताछ के दौरान पुलिस को उसके जवाब संदिग्ध लगे, जिसके बाद महिला पुलिसकर्मियों की मौजूदगी में नियमानुसार उसकी तलाशी ली गई।

57.18 ग्राम कोकीन बरामद

तलाशी के दौरान महिला के बैग से एक पारदर्शी थैली में 57.18 ग्राम कोकीन बरामद हुई। पुलिस ने जब्त कोकीन की कीमत करीब 29 लाख रुपये बताई है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी महिला की पहचान इम्यूनल जॉय के रूप में हुई है। वह नाइजीरिया के लेगोस की रहने वाली है। फिलहाल मुंबई के बांद्रा ईस्ट में रह रही थी।

जांच में सामने आया है कि आरोपी 14 अगस्त 2026 को नाइजीरिया से सात महीने के बिजनेस वीजा पर भारत आई थी। पुलिस के मुताबिक, मुंबई में वह अपनी बहन के साथ हेयर सैलून में काम कर रही थी।

पुलिस कर रही मामले की जांच

पूछताछ में आरोपी ने कथित तौर पर कम कीमत में कोकीन खरीदकर इंदौर में महंगे दाम पर बेचने और मुनाफा कमाने की बात बताई है। हालांकि, पुलिस अब उसके बयानों की स्वतंत्र रूप से जांच कर रही है।

आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/21 के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने उसका पासपोर्ट, वीजा और इमिग्रेशन रिकॉर्ड भी जांच के दायरे में लिया है।

खंगाले जा रहे ड्रग सप्लाई चेन के कनेक्शन 

सबसे अहम बात यह है कि पुलिस अब सिर्फ इस महिला की गिरफ्तारी तक सीमित नहीं रहना चाहती। मोबाइल फोन और डिजिटल डेटा की जांच के जरिए मुंबई से इंदौर तक चल रही ड्रग सप्लाई चेन के कनेक्शन खंगाले जा रहे हैं।

पुलिस को शक है कि इस नेटवर्क में स्थानीय सप्लायर और खरीदार भी जुड़े हो सकते हैं। अब इन कड़ियों की तलाश की जा रही है।

कोर्ट में पेश कर रिमांड पर लिया गया

आरोपी महिला को कोर्ट में पेश कर रिमांड पर लिया गया है। पुलिस पूछताछ के जरिए यह पता लगाने में जुटी है कि कोकीन किससे ली गई, इंदौर में किसे सप्लाई की जानी थी और इस पूरे नेटवर्क में उसके साथ और कौन-कौन लोग जुड़े हैं।

फिलहाल 57.18 ग्राम कोकीन की बरामदगी के बाद पुलिस की जांच अब अंतरराष्ट्रीय कनेक्शन से लेकर मुंबई और इंदौर के लोकल नेटवर्क तक पहुंच गई है। पूछताछ और डिजिटल जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आने वाले दिनों में इस ड्रग नेटवर्क से जुड़े और भी नामों का खुलासा हो सकता है।

भरत पाटिल की रिपोर्ट

ये भी पढ़ें: 

रीवा में बड़ा हादसा, निजी अस्पताल की लिफ्ट में फंसने से मरीज की दर्दनाक मौत, परिजनों का हंगामा





Source link

Leave a Comment

और पढ़ें