भारत और श्रीलंका के बीच 15 अगस्त से गॉल इंटरनेशनल स्टेडियम में दो मैचों की टेस्ट सीरीज का आगाज होने जा रहा है। वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप यानी WTC 2025-27 के लिहाज से यह सीरीज टीम इंडिया के लिए बेहद अहम है, लेकिन पहले मुकाबले से पहले कप्तान शुभमन गिल और टीम मैनेजमेंट के सामने प्लेइंग इलेवन को लेकर कई मुश्किल सवाल खड़े हो गए हैं। चोटों और खिलाड़ियों की उपलब्धता ने 11 खिलाड़ियों के सिलेक्शन को और पेचीदा बना दिया है। भारतीय टीम श्रीलंका पहुंच चुकी है और पहले टेस्ट से पहले तीन दिवसीय अभ्यास मैच भी खेलेगी। हालांकि, टीम की तैयारियों को जसप्रीत बुमराह और वॉशिंगटन सुंदर की चोट ने प्रभावित किया है। ऐसे में गिल के सामने तीन प्लेइंग इलेवन को लेकर कई बड़ी चुनौतियां होंगी।
साई सुदर्शन के खेलने पर सस्पेंस
भारत की सबसे बड़ी चिंता नंबर-3 बल्लेबाजी क्रम को लेकर है। युवा बल्लेबाज साई सुदर्शन अभी पूरी तरह फिट नहीं हैं और बेंगलुरु स्थित BCCI के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में रिहैब कर रहे हैं। हालांकि, उम्मीद है कि वह जल्द बल्लेबाजी शुरू कर देंगे और अभ्यास मैच से पहले टीम से जुड़ सकते हैं, लेकिन पहले टेस्ट में उनका खेलना अभी तय नहीं है। अगर सुदर्शन समय पर फिट नहीं हो पाते हैं तो टीम के सामने देवदत्त पडिक्कल और ध्रुव जुरेल में से किसी एक को चुनने की चुनौती होगी। पडिक्कल टॉप आर्डर स्पेशलिस्ट बल्लेबाज हैं, जबकि जुरेल ने टेस्ट क्रिकेट में मिले मौका मिलने पर प्रभावित किया है। अब देखना दिलचस्प होगा कि नंबर-3 पर किसे मौका मिलता है।
बुमराह की खलेगी कमी
तेज गेंदबाजी यूनिट में सबसे बड़ा सवाल जसप्रीत बुमराह की जगह को लेकर है। चोट के कारण पूरी सीरीज से बाहर हो चुके बुमराह की गैरमौजूदगी भारत के लिए बड़ा झटका है। तेज आक्रमण की अगुआई मोहम्मद सिराज करेंगे, लेकिन उनके नए गेंद के साथी को लेकर तस्वीर साफ नहीं है। अनुभव के आधार पर प्रसिद्ध कृष्णा सबसे मजबूत दावेदार माने जा रहे हैं, लेकिन घरेलू क्रिकेट में शानदार प्रदर्शन के बाद पहली बार टेस्ट टीम में जगह बनाने वाले आकिब नबी भी इस रेस में शामिल हैं। टीम मैनेजमेंट को अनुभव और मौजूदा फॉर्म के बीच संतुलन बनाना होगा।
जडेजा को मिलेगा सपोर्ट?
अनुभवी ऑलराउंडर रविंद्र जडेजा की टेस्ट टीम में वापसी लगभग तय मानी जा रही है। गॉल की स्पिन मददगार पिच को देखते हुए भारत तीन स्पिनरों के साथ उतर सकता है। ऐसी स्थिति में कुलदीप यादव दूसरे स्पिनर के रूप में सबसे आगे नजर आते हैं। हालांकि, अफगानिस्तान के खिलाफ प्रभावशाली टेस्ट डेब्यू करने वाले मानव सुथार और पहली बार टेस्ट टीम में चुने गए सारांश जैन ने भी सिलेक्टर्स का ध्यान खींचा है।
श्रीलंका के खिलाफ टेस्ट सीरीज के लिए भारतीय टीम: शुभमन गिल (कप्तान), केएल राहुल (उप-कप्तान), यशस्वी जयसवाल, ऋषभ पंत (विकेटकीपर), साई सुदर्शन, ध्रुव जुरेल (विकेटकीपर), रवींद्र जडेजा, कुलदीप यादव, मानव सुथार, मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा, गुरनूर बराड़, देवदत्त पडिक्कल, सारांश जैन, आकिब नबी।
यह भी पढ़ें:
केवल 47 बॉल पर ठोक दी ताबड़तोड़ सेंचुरी, 9 छक्के और 6 चौके, 200 से अधिक का स्ट्राइक रेट
ODI World Cup 2027 से पहले लगा करारा झटका, अब सीधे नहीं मिलेगी आईसीसी टूर्नामेंट में एंट्री








