एक महिला ने इंस्टाग्राम पर अपने डरावने अनुभव को साझा करते हुए कैब ड्राइवर पर गंभीर आरोप लगाए हैं। महिला का कहना है कि राइड के दौरान ड्राइवर ने शायरी सुनाने का प्रस्ताव रखा और नंबर मांगा। बाद में अंजान नंबरों से बार-बार कॉल किए और शिकायत दर्ज कराने के बावजूद उसी ड्राइवर ने उनकी अगली राइड स्वीकार कर ली। महिला ने इसे ‘डरावना और बेहद असुरक्षित’ बताया है।
इंस्टाग्राम पर शेयर किया पूरा एक्सपीरिएंस
इस पोस्ट को एक्स पर @write.my.heart.today नामक हैंडल से शेयर किया गया है। महिला ने पोस्ट में बताया कि शाम करीब 7 बजे ऑफिस से घर जाने के लिए कैब बुक की। राइड शुरू में सामान्य थी। ड्राइवर शायरियां सुना रहा था और महिला किसी विवाद से बचने के लिए सिर्फ हामी भरती रही। राइड खत्म होने पर ड्राइवर ने कहा कि अगर और शायरियां सुननी हों तो उसका नंबर ले लें। महिला ने राइड से निकलने के लिए नंबर ले लिया, लेकिन घर पहुंचते ही उसे डिलीट कर दिया। महिला ने बताया कि, दो दिन बाद अंजान नंबर से कॉल आया। महिला ने क्लाइंट समझकर उठाया तो पता चला कि वही कैब ड्राइवर है। उसने पूछा, “आपने कॉल नहीं किया?” महिला ने फोन काट दिया। इसके बाद ड्राइवर ने अलग-अलग नंबरों से पांच बार कॉल किए। महिला ने सभी नंबर ब्लॉक कर दिए और ऐप पर शिकायत दर्ज कराई।
‘डरावना और बेहद असुरक्षित’
सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि शिकायत के बावजूद उसी ड्राइवर ने महिला की अगली राइड स्वीकार कर ली। महिला ने तुरंत राइड कैंसिल कर दी। उन्होंने लिखा, ‘यह डरावना है और दूसरी बात, उसकी कार में दोबारा सफर करना मेरे लिए बेहद असुरक्षित है।’ बाद में जब उन्होंने दूसरी कैब बुक की तो सफर के दौरान भी अंजान नंबरों से कॉल आते रहे। सहयोगी ने एक कॉल उठाकर पुष्टि की कि वही ड्राइवर है। महिला ने आरोप लगाया कि ऐप और वेबसाइट पर उपलब्ध सेफ्टी और शिकायत नंबर काम नहीं कर रहे थे। उन्होंने सवाल उठाया कि राइड कैंसिल होने के बाद ड्राइवर को उनका नंबर कैसे मिला और शिकायत के बाद भी वह राइड कैसे स्वीकार कर सका। महिला ने कहा, ‘एक महिला होने के नाते यह मेरे लिए बेहद असुरक्षित अनुभव था। क्या महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने का यही तरीका है??’
यूजर्स ने कंपनी को टैग कर निकाला गुस्सा
पोस्ट वायरल होने के बाद सोशल मीडिया पर आक्रोश फैल गया। कई यूजर्स ने कैब कंपनी की सेफ्टी पॉलिसी पर सवाल उठाए। एक ने लिखा कि, ‘दिल्ली-एनसीआर में महिलाओं के लिए महिला ड्राइवर का ऑप्शन होना चाहिए।’
दूसरे ने कहा कि, ‘ड्राइवर बेहद अजीब व्यवहार करते हैं और शर्म नहीं करते।’
कुछ ने सलाह दी कि पेपर स्प्रे और कटर साथ रखें। कई लोगों ने कंपनी पर आरोप लगाया कि सपोर्ट सिस्टम कमजोर है और ग्राहक अकेले हैं।
गौरतलब है कि, इससे पहले भी एक महिला ने कैब के सफर को सबसे बुरा बताया था।
डिस्क्लेमर: इस खबर में दी गई जानकारी सोशल मीडिया और रिपोर्ट्स में किए गए दावों पर आधारित है। इंडिया टीवी किसी भी प्रकार के दावे की प्रमाणिकता की पुष्टि नहीं करता है।
ये भी पढ़ें –
पर्स लौटाने आए कैब ड्राइवर की तारीफ में शख्स ने बनाया Video, वायरल होते ही कंपनी ने दिया जवाब








