जमशेदपुर में बेलगाम हुए चेन स्नैचर, 24 घंटे में तीन महिलाओं को बनाया निशाना, पुलिस की गश्ती पर उठे सवाल

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें


झारखंड के जमशेदपुर में चेन स्नैचिंग की घटनाओं में लगातार बढ़ोतरी से लोगों में दहशत का माहौल है। पिछले 24 घंटे के भीतर शहर के तीन अलग-अलग थाना क्षेत्रों में महिलाओं के गले से सोने की चेन छीनने की वारदात सामने आई है। लगातार हो रही इन घटनाओं ने पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था और गश्ती व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। ताजा मामला उलीडीह ओपी क्षेत्र के संकोसाई रोड नंबर-1 का है।

शनिवार तड़के मॉर्निंग वॉक पर निकली आशा रानी षाडंगी नामक महिला को एक उचक्के ने अपना निशाना बना लिया। बताया जा रहा है कि आरोपी पैदल आया और महिला के गले से करीब तीन लाख रुपये मूल्य की सोने की चेन झपटकर फरार हो गया। घटना इतनी तेजी से हुई कि महिला जब तक शोर मचाती और आसपास के लोगों से मदद मांगती, तब तक आरोपी मौके से गायब हो चुका था।

सीसीटीवी फुटेज से आरोपी की पहचान कर रही पुलिस

महिला का शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और घटना की सूचना उलीडीह पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस अपराधी की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी हुई है। पीड़िता आशा रानी ने बताया कि वह रोज सुबह घूमने जाती हैं। करीब 5:30 बजे निकलती हैं और 6:30 बजे तक घर आ जाती हैं। घटना वाले दिन भी वह घूमने गई थीं। वापस लौटते समय घर से करीब 10 कदम की दूरी पर उनकी चेन छिन गई। उन्होंने बताया कि पतला-लंबा लड़का था, जिसने चेन छीनी और तुरंत भाग गया। चेन की कीमत लगभग 2.5 लाख रुपये होगी।

शुक्रवार को भी हुई थीं दो घटनाएं

गौरतलब है कि इससे पहले शुक्रवार को दिनदहाड़े सोनारी थाना क्षेत्र में एक महिला से चेन छीनने की घटना हुई थी। वहीं, शुक्रवार शाम पुलिस मुख्यालय के समीप साकची थाना क्षेत्र में भी बाइक सवार बदमाशों ने महिला के गले से सोने की चेन झपट ली थी। अब उलीडीह में तीसरी घटना सामने आने के बाद शहरवासियों में असुरक्षा की भावना बढ़ गई है।

चेन स्नैचर बने पुलिस की चुनौती

लगातार हो रही चेन स्नैचिंग की घटनाओं ने पुलिस के सामने बड़ी चुनौती खड़ी कर दी है। अब लोगों की नजर इस बात पर टिकी है कि पुलिस इन तीनों मामलों का खुलासा कब तक करती है और शहर में सक्रिय चेन स्नैचिंग गिरोह पर कब शिकंजा कस पाती है।

(जमशेदपुर से गंगाधर पांडे की रिपोर्ट)

यह भी पढ़ें-

तालाब किनारे मिला पति-पत्नी का शव, धारदार हथियार से हत्या की आशंका

अवैध कोयला खनन मामले में ED ने 31 ठिकानों पर मारे छापे, एक करोड़ रुपये कैश जब्त; 160 करोड़ के म्यूचुअल फंड फ्रीज





Source link

Leave a Comment

और पढ़ें