Important Questions To Ask Before Marriage : किसी से पहली मुलाकात हुई, बातें अच्छी लगीं, ‘केमिस्ट्री’ जम गई और हमें लगता है कि बस यही है वो ‘सोलमेट’ जिसका हमें इंतजार था. लेकिन क्या वाकई ऐसा होता है? आज के डेटिंग ऐप्स के दौर में ज्यादातर कपल्स कन्फ्यूजन में रहते हैं और बाद में उन्हें पछतावा के सिवा कुछ हाथ नहीं लगता. इसलिए अगर आप शादी करने जा रहे है तो यह जान लें कि शादी का फैसला सिर्फ पहली नजर के प्यार या दिल की धड़कनें तेज होने के आधार पर नहीं लिया जा सकता.
एक सच्चा और मजबूत रिश्ता वो है जहाँ आपको ‘परफेक्ट’ दिखने का नाटक न करना पड़े.
दरअसल, प्यार और आकर्षण रिश्ते में स्पार्क तो दे सकते हैं, लेकिन उम्र भर का साथ निभाने के लिए भरोसा, सुकून और एक-दूसरे के प्रति सम्मान होना बहुत जरूरी है. अगर आप भी शादी की सोच रहे हैं, तो रुकिए और थोड़ा ठंडे दिमाग से खुद से इन 7 सवालों के जवाब तलाशिए. ये सवाल आपको आईना दिखा देंगे कि आपका पार्टनर आपके लिए कितना सही है.
1. क्या आप उनके साथ ‘बिंदास’ रह पाते हैं?
एक सच्चा और मजबूत रिश्ता वो है जहाँ आपको ‘परफेक्ट’ दिखने का नाटक न करना पड़े. क्या आप उनके सामने अपनी कमजोरी, अपना पागलपन और अपनी नाकामियां बिना किसी डर के शेयर कर सकते हैं? अगर आपको हर बात बोलने से पहले दस बार सोचना पड़ता है कि वो क्या सोचेंगे, तो समझ लीजिए कि कहीं न कहीं आप अपनी असलियत छिपा रहे हैं. जिस पार्टनर के साथ आप ‘घर’ जैसा सुकून महसूस करें, वही आपके लिए सही है.
2. क्या उनकी कथनी और करनी एक है?
भरोसा रातों-रात नहीं बनता, लेकिन एक बार टूट जाए तो फिर कभी पहले जैसा नहीं होता. गौर कीजिए कि क्या आपका पार्टनर जो वादे करता है, उन्हें निभाता भी है? अगर उनकी बातों और उनके काम करने के तरीके में तालमेल है, तो आप एक भावनात्मक सुरक्षा (Emotional Safety) के घेरे में हैं. बिना भरोसे के प्यार की इमारत ज्यादा दिन नहीं टिकती.
3. क्या आपको उन पर सच में गर्व होता है?
प्यार में सम्मान का होना सबसे जरूरी है. सिर्फ इसलिए प्यार न करें कि वो दिखने में अच्छे हैं या उनका रुतबा बड़ा है. क्या आप उनके स्वभाव, दूसरों के साथ उनके बर्ताव और उनकी मेहनत की कद्र करते हैं? जब आप भीड़ में खड़े होकर गर्व से कह सकें कि “ये मेरा पार्टनर है”, तो समझ लीजिए कि आपका जुड़ाव सिर्फ भावनाओं तक नहीं, बल्कि उनकी शख्सियत से है.
4. क्या वो आपके सुख-दुख के बराबर के हिस्सेदार हैं?
अच्छे वक्त में तो हर कोई साथ हंसता है, लेकिन असली पार्टनर वही है जो आपकी हार में भी आपके साथ खड़ा हो. क्या वो आपकी छोटी-छोटी खुशियों को अपनी खुशी मानते हैं? क्या मुश्किल वक्त में वो भागने के बजाय आपका हाथ थामकर समस्या सुलझाते हैं? अगर जवाब ‘हाँ’ है, तो आप एक मैच्योर रिश्ते में हैं.
5. क्या उनके साथ होना ‘शांति’ देता है?
बहुत से लोग समझते हैं कि प्यार का मतलब हमेशा एक्साइटमेंट और शोर-शराबा होना चाहिए. लेकिन यकीन मानिए, असली प्यार ‘सुकून’ जैसा महसूस होता है. क्या दिन भर की किच-किच के बाद उनसे बात करके आपका तनाव कम होता है? अगर उनकी मौजूदगी आपको एक तरह की शांति और सुरक्षा का अहसास कराती है, तो ये एक बहुत गहरा इमोशनल कनेक्शन है.
6. क्या आप उनकी खुशी में अपनी खुशी देखते हैं?
इसे कहते हैं निस्वार्थ प्रेम. क्या आप वाकई चाहते हैं कि आपका पार्टनर लाइफ में सफल हो और खुश रहे, भले ही इसके लिए आपको कुछ समझौते करने पड़ें? जब आप एक-दूसरे की तरक्की से जलते नहीं बल्कि उसे अपनी जीत मानते हैं, तो वो रिश्ता बहुत लंबा चलता है.
7. क्या आप साथ मिलकर ‘टीम’ की तरह आगे बढ़ रहे हैं?
रिश्ते में रुक जाना यानी रिश्ता खत्म होना. क्या आप दोनों एक-दूसरे को बेहतर इंसान बनने के लिए प्रेरित करते हैं? क्या आपके भविष्य के सपने और गोल्स एक-दूसरे से मेल खाते हैं? अगर आप दोनों एक टीम की तरह भविष्य की प्लानिंग कर सकते हैं, तो आप जिंदगी के हर उतार-चढ़ाव को पार कर लेंगे.
काम की बात: केमिस्ट्री उस मसालों की तरह है जो खाने का स्वाद बढ़ाती है, लेकिन भरोसा और सम्मान वो बुनियादी अनाज है जिससे पेट भरता है. शादी जैसे बड़े फैसले में सिर्फ दिल की न सुनें, इन सात पैमानों पर अपने रिश्ते को जरूर परखें. अगर इन सवालों के जवाब सकारात्मक हैं, तो मुबारक हो, आप सही राह पर हैं!








