9 साल से फरार डबल मर्डर का आरोपी चुम्मा उर्फ नवल किशोर दिल्ली में गिरफ्तार, जानें क्या है पूरा मामला

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें


नई दिल्ली: दिल्ली पुलिस क्राइम ब्रांच की एंटी गैंगस्टर स्क्वॉड (AGS) ने राजस्थान के भरतपुर में वर्ष 2017 में हुए सनसनीखेज डबल मर्डर केस के आरोपी को करीब नौ साल बाद गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान चुम्मा उर्फ नवल किशोर (50) के रूप में हुई है। आरोपी दिल्ली के मोहन गार्डन इलाके का रहने वाला है और पुलिस के मुताबिक वह PS मोहन गार्डन का बैड करेक्टर भी है।

आरोपी थाना उचैन, भरतपुर, राजस्थान में दर्ज FIR नंबर 160/2017 में वांछित था। उसके खिलाफ कोर्ट से परमानेंट नॉन वेएबल वारंट जारी किए गए थे। आरोपी वर्ष 2017 में वारदात के बाद से लगातार गिरफ्तारी से बच रहा था।

जमीन विवाद में हुआ था डबल मर्डर

पुलिस के मुताबिक, 14 जुलाई 2017 को भरतपुर में कृषि भूमि को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद हुआ था। करीब 30-40 हथियारबंद लोग विवादित खेत में पहुंचे और वहां ज्वार की फसल को ट्रैक्टर से जोतने लगे।

शिकायतकर्ता पक्ष के लोग मौके पर पहुंचे तो आरोपियों ने कथित तौर पर अंधाधुंध फायरिंग और हमला कर दिया। इस वारदात में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि कई लोग गंभीर रूप से घायल हुए थे।

मामले में पुलिस ने हत्या, हत्या के प्रयास, दंगा, घातक हथियारों से लैस होकर हमला, मारपीट और अन्य धाराओं में FIR दर्ज की थी। जांच के बाद करीब 35 आरोपियों के खिलाफ चार्जशीट/सप्लीमेंट्री चार्जशीट दाखिल की जा चुकी है।

लगातार निगरानी और तकनीकी विश्लेषण के बाद पुलिस ने आरोपी की गतिविधियों और ठिकाने का पता लगाया और उसे दबोच लिया। आरोपी की गिरफ्तारी के बाद उसके खिलाफ जारी परमानेंट नॉन वेएबल वारंट को भी एग्जीक्यूट किया गया।

दिल्ली और राजस्थान में पहले से 12 आपराधिक मामले दर्ज 

दिल्ली पुलिस के अनुसार, चुम्मा उर्फ नवल किशोर के खिलाफ दिल्ली और राजस्थान में पहले से 12 आपराधिक मामले दर्ज हैं। इनमें हत्या के प्रयास, मारपीट, आबकारी कानून, आर्म्स एक्ट समेत कई गंभीर धाराओं के मामले शामिल हैं। आरोपी का पकड़ा जाना दिल्ली पुलिस के लिए एक बड़ी सफलता है।

गौरतलब है कि दिल्ली पुलिस लगातार अपराधियों को चिन्हित करके उनके खिलाफ अभियान चला रही है। अपराधी लगातार पकड़े जा रहे हैं और कानून व्यवस्था मजबूत करने की कोशिश की जा रही है। 

इससे पहले एक खबर ये भी सामने आई थी कि दिल्ली के धुबी घाट में दोस्त ने चाकू से गोदकर युवक की हत्या कर दी। इस मामले में आरोपी गिरफ्तार कर लिया गया था।

ये भी पढ़ें-

9 साल से फरार डबल मर्डर का आरोपी चुम्मा उर्फ नवल किशोर दिल्ली में गिरफ्तार, जानें क्या है पूरा मामला





Source link

Leave a Comment

और पढ़ें