कर्नाटक के उडुपी जिले में शुक्रवार को अपराध की ऐसी वारदात देखने को मिली जिसने हर किसी को डरा कर रख दिया। जानकारी के अनुसार, उडुपी के मुदरंगडी इलाके में बदमाशों द्वारा एक व्यापारी की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने मामले की सूचना मिलने के बाद आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। हत्या की इस वारदात ने पूरे इलाके में दहशत का माहौल फैल गया है। आइए जानते हैं कि इस घटना के बारे में अब तक क्या जानकारी सामने आई है।
सिर में मारी गई गोली
सामने आई जानकारी के मुताबिक, उडुपी के मुदरंगडी इलाके में जिस व्यापारी की हत्या हुई उनकी पहचान 55 साल के डेविड डी’सूजा के रूप में हुई है। मृतक पूर्व में कांग्रेस पार्टी से ग्राम पंचायत अध्यक्ष भी रह चुके हैं। पुलिस के मुताबिक, हत्या की ये वारदात शुक्रवार दोपहर 3 बजे के करीब हुई जब मोटरसाइकिल पर अज्ञात हमलावरों ने डेविड डी’सूजा की गोली मारकर हत्या कर दी। पुलिस के मुताबिक, हमलावरों ने तीन राउंड फायर किया जिसमें एक गोली डेविड के सिर पर लगी और मौके पर ही उनकी मौत हो गई। आपका बता दें कि इससे पहले कर्नाटक के बागलकोट से भी हत्या की हैरान कर देने वाली वारदात सामने आई थी जहां अफेयर के शक में एक पति ने अपनी पत्नी की हत्या कर दी थी। आरोपी ने तड़पती हुई पत्नी के आखिरी पलों को कैमरे में भी कैद किया था।
हत्या का क्या कारण पता लगा?
उडुपी में व्यापारी की हत्या की वारदात की सूचना मिलने के बाद पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और घटनास्थल को अपने नियंत्रण में ले लिया। पुलिस ने घटनास्थल की जांच के बाद डिसूजा के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हत्या की यह घटना दिनदहाड़े हुई, जिससे पूरे इलाके में दहशत फैल गई। प्रारंभिक रिपोर्ट्स के अनुसार हत्या का कारण व्यक्तिगत या व्यावसायिक विवाद हो सकता है। पुलिस संदिग्धों की तलाश कर रही है और क्षेत्र में अतिरिक्त सुरक्षा बल को तैनात किया गया है। दूसरी ओर इस घटना से इलाके के व्यापारिक समुदाय में भय और आक्रोश का माहौल है। स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने की मांग की है।
ये भी पढ़ें- नशे में धुत ड्राइवर ने की कार चढ़ाने की कोशिश, कामयाब नहीं हुआ तो शख्स को बोनट पर बैठाकर 1 KM घुमाया; VIDEO वायरल








