उत्तर प्रदेश के कानपुर के घाटमपुर थाना क्षेत्र में गुरुवार सुबह 24 वर्षीय युवती की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया। युवती का शव पतारा गांव से करीब 500 मीटर दूर आम के बाग में पड़ा मिला। मृतका की पहचान रेनू सोनकर के रूप में हुई है। परिजनों के मुताबिक रेनू का एक युवक से प्रेम संबंध था। पुलिस फिलहाल हर पहलू की जांच कर रही है। हालांकि पोस्टमार्टर रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का खुलासा होगा।
सुबह ग्रामीणों ने बाग में देखा शव
सुबह बाग की ओर गए ग्रामीणों ने युवती का शव देखा तो गांव में हड़कंप मच गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। फोरेंसिक टीम और डॉग स्क्वॉड ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया और जरूरी साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है।
मां का आरोप- प्रेमी ने जहर देकर बेटी को मार डाला
हादसे के बाद बदहवास रेनू की मां सुमन ने आरोप लगाया है कि उनकी बेटी का एक युवक से प्रेम संबंध था। परिवार इस रिश्ते को लेकर नाराज था। मां का दावा है कि रेनू कुछ समय पहले प्रेमी के साथ घर से चली गई थी, परिजनों के मुताबिक करीब एक महीने पहले किसी विवाद के बाद रेनू वापस घर आई थी। उस समय उसने परिवार को बताया था कि वह करीब तीन महीने की गर्भवती है। परिवार ने उसे समझाने की कोशिश की। कुछ दिन बाद वह दोबारा एक युवक के साथ घर से चली गई।
प्रेमी पर ही लगा हत्या करने का आरोप
अब गांव के बाहर उसका शव मिलने के बाद मां ने प्रेमी पर हत्या का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि युवती को जहर देकर मारने के बाद शव को बाग में फेंक दिया गया। हालांकि पुलिस ने अभी इन आरोपों की पुष्टि नहीं की है।
शव की हालत ने बढ़ाया शक
ग्रामीणों के मुताबिक, शव के मुंह से झाग निकल रहा था और शरीर नीला पड़ा हुआ था। इन परिस्थितियों के चलते परिजनों ने जहर दिए जाने की आशंका जताई है। हालांकि, पुलिस का कहना है कि मौत की वास्तविक वजह पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के बाद ही स्पष्ट होगी। पुलिस फिलहाल हत्या, आत्महत्या समेत सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।
क्या जातिगत एंगल भी जांच में शामिल होगा?
रेनू के दलित समुदाय से होने की बात सामने आने के बाद मामले में जातिगत एंगल को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। हालांकि फिलहाल पुलिस की ओर से ऐसा कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है कि हत्या के पीछे जातिगत कारण था। जांच में यह पता लगाना अहम होगा कि युवती के प्रेम संबंध को लेकर दोनों पक्षों के बीच कोई जातिगत विवाद, दबाव, धमकी या उत्पीड़न हुआ था या नहीं। यदि जांच में ऐसा कोई तथ्य सामने आता है तो मामला केवल संदिग्ध मौत तक सीमित नहीं रहेगा और जातिगत अपराध से जुड़े कानूनी प्रावधान भी लागू हो सकते हैं।
मोबाइल की कॉल डिटेल खंगाल रही पुलिस
घाटमपुर थाना प्रभारी मनोज सिंह भदौरिया के मुताबिक, परिजनों ने युवती के प्रेमी पर हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस ने युवती का मोबाइल फोन कब्जे में लिया है और उसकी कॉल डिटेल तथा अन्य तकनीकी साक्ष्यों की जांच की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि मौत से पहले युवती किन लोगों के संपर्क में थी और आखिरी बार उससे किसने बात की थी। साथ ही वह घर से निकलने के बाद किन लोगों के साथ रही, इसकी भी जानकारी जुटाई जा रही है।
पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट से साफ होगी मौत की वजह
पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में मौत की वजह स्पष्ट होने के बाद जांच को आगे बढ़ाया जाएगा। जरूरत पड़ने पर विसरा जांच भी कराई जा सकती है। फिलहाल पुलिस संदिग्ध युवकों की पहचान और उनकी भूमिका की जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि तकनीकी साक्ष्य, पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और घटनास्थल से मिले सबूतों के आधार पर मामले की अगली कार्रवाई तय की जाएगी।
कानपुर से अनुराग श्रीवास्तव की रिपोर्ट
यह भी पढ़ें
बलिया में क्लीनिक संचालिका की हत्या का खुलासा, भतीजा गिरफ्तार, लोहे की रॉड से किया था वार
बरेली में दुष्कर्म के आरोपी से पुलिस की मुठभेड़, पैर में गोली लगने के बाद गिरफ्तार







