प्रेस के इस्तेमाल के दौरान अक्सर कपड़ों पर छपे प्लास्टिक डिजाइन, फैब्रिक का जला हुआ हिस्सा या गंदगी उसकी तली पर चिपक जाती है। इससे न सिर्फ प्रेस काली दिखने लगती है, बल्कि अगली बार इस्त्री करते समय दूसरे कपड़े भी खराब होने का डर रहता है। ऐसे में लोगों को समझ नहीं आता कि इसे कैसे साफ किया जाए। अगर आपके प्रेस की तली पर भी गंदगी या प्लास्टिक जम गई है, तो घबराने की जरूरत नहीं है। इसे आसानी से साफ करने के लिए आप कुछ बेहद असरदार और घरेलू उपाय अपना सकते हैं। यहां आसान घरेलू उपाय बताए गए हैं।
1. पैरासिटामोल की गोली
प्लास्टिक या जले हुए निशानों को हटाने के लिए पैरासिटामोल की एक गोली बहुत काम आती है। इसके लिए सबसे पहले प्रेस को हल्का गरम करें और प्लग से निकाल दें। अब एक पैरासिटामोल की गोली को चिमटे से पकड़ें और उसे गरम तली के गंदगी वाले हिस्से पर धीरे-धीरे रगड़ें। गोली पिघलकर गंदगी को ढीला कर देगी। इसके बाद एक गीले सूती कपड़े से तली को पोंछ लें।
2. बेकिंग सोडा और पानी का पेस्ट
बेकिंग सोडा एक बेहतरीन क्लीनिंग एजेंट है। इसके लिए दो चम्मच बेकिंग सोडा में थोड़ा सा पानी मिलाकर गाढ़ा पेस्ट बना लें। प्रेस के ठंडा होने पर इस पेस्ट को तली पर लगाएं। इसे 5-10 मिनट तक लगा रहने दें। इसके बाद एक नरम सूती कपड़े या माइक्रोफाइबर क्लॉथ से रगड़कर साफ कर लें। ध्यान रखें कि स्क्रबर का इस्तेमाल न करें, वरना स्क्रैच पड़ सकते हैं।
3. नमक और अखबार
यह तरीका खास तौर पर चिपचिपेपन और हल्की गंदगी को दूर करने के लिए बेस्ट है। इसके लिए एक अखबार या टेबल पर थोड़ा सा सफेद नमक फैलाएं। प्रेस को मध्यम तापमान पर गरम करें। गरम प्रेस को नमक के ऊपर 1-2 मिनट के लिए चलाएं। नमक गंदगी को सोख लेगा और तली एकदम चमकदार हो जाएगी।
4. सफेद सिरका
अगर तली पर सिर्फ प्लास्टिक चिपक गई है। तो सिरके में बराबर मात्रा में पानी मिलाएं। अब एक सूती कपड़े को इसमें डुबोएं और हल्की गरम प्रेस की तली पर रगड़ें। ज्यादा जिद्दी दागों के लिए सिरके में थोड़ा सा नमक मिलाकर भी इस्तेमाल कर सकते हैं।









