Highlights
- नूंह के चितौदा गांव में अफजाल और साहिला ने कमरे में फांसी लगाई।
- घरेलू झगड़ों के चलते जोड़े ने आत्महत्या की, कोई सुसाइड नोट नहीं मिला।
- भाई के कत्ल का बदला लेने का दावा करने वाले शख्स को पुलिस ने अरेस्ट किया।
नूंह: हरियाणा के नूंह जिले के चितौदा गांव में शनिवार दोपहर एक युगल ने अपने घर के कमरे में फांसी लगाकर जान दे दी। पुलिस ने बताया कि दोनों की मौत आत्महत्या से हुई है। अधिकारियों के मुताबिक, यह जोड़ा अक्सर घरेलू मामलों को लेकर झगड़ता रहता था। माना जा रहा है कि इसी के चलते दोनों ने यह कदम उठाया है, लेकिन असली कारण अभी पता नहीं चल पाया है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। मृतक जोड़े की पहचान 28 साल के अफजाल और उसकी 26 साल की पत्नी साहिला के रूप में हुई है।
‘मौके से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला’
पुलिस द्वारा दी गई जानकारी के मुताबिक, दोनों की शादी को करीब 3 साल हो चुके थे और उनकी कोई संतान नहीं थी। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने कहा,
‘हमने दोनों के शव कब्जे में लेकर मोर्चरी भेज दिए हैं। मौके से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला। हम मामले की जांच कर रहे हैं।’
फेसबुक पोस्ट ने शख्स को पकड़वाया
बता दें कि नूंह में ही पुलिस ने गुरुवार को एक युवक को गिरफ्तार किया, जिसने फेसबुक पर दावा किया था कि उसने अपने भाई के कत्ल का बदला ले लिया है। मंगलवार को नूंह जिले के लहरवाड़ी गांव में झाड़ियों के बीच 34 साल के अजहरुद्दीन का शव मिला था। शरीर पर कई गोलियां लगी थीं, जिनमें एक गोली माथे पर थी। अजहरुद्दीन पर 2018 में वसीम की हत्या का आरोप था और वह इस मामले में जेल भी काट चुका था। वसीम के भाई मोहम्मद कैश ने फेसबुक पर एक वीडियो पोस्ट कर दावा किया, ‘मैंने अपने भाई का पूरा बदला ले लिया है।’
बच्चों के सामने शख्स को मारी गोली
गांव के सरपंच सिंगा ने बताया कि सोमवार शाम परिवार के बच्चे घर के बाहर खेल रहे थे, तभी करीब एक दर्जन हथियारबंद लोग आए और वहां खड़े अजहरुद्दीन को गोली मार दी। हमलावरों ने बच्चों पर भी लाठियां चलाईं। दोनों परिवारों के बीच दुश्मनी की जड़ पालवल जिले में एक चुनाव रैली के दौरान हुए झगड़े से जुड़ी थी। सरपंच सिंगा के मुताबिक वसीम की हत्या के समय कैश नाबालिग था और तब से अजहरुद्दीन से बदला लेने की भावना पाले हुए था। पीड़ित परिवार की शिकायत पर सादर पुनहाना थाने में 22 लोगों के खिलाफ FIR दर्ज की गई। (PTI से इनपुट्स के साथ)
ये भी पढ़ें: हरियाणा के हिसार में कोर्ट गेट के सामने गैंगस्टर विनोद पानू उर्फ काणा की हत्या, 12 राउंड फायरिंग की गई
डिस्क्लेमर: प्रशिक्षित और मान्यता प्राप्त मानसिक स्वास्थ्य (मेंटल हेल्थ) परामर्शदाताओं से परामर्श और सहायता प्राप्त करने के लिए टोल-फ्री हेल्पलाइन नंबर 14416 या 1800-891-4416 डायल करें।
या
TISS Icall 022-25521111 (सोमवार-शनिवार: सुबह 8 बजे से रात 10 बजे तक)
(यदि आपको सहायता की आवश्यकता है या आप किसी ऐसे व्यक्ति को जानते हैं जिसे सहायता की आवश्यकता है, तो कृपया अपने निकटतम मानसिक स्वास्थ्य विशेषज्ञ से संपर्क करें।)








