बिहार के रोहतास जिले में गोलीबारी की घटना सामने आई है। जमीन विवाद को लेकर एक बेटे ने अपने ही पिता पर गोली चला दी। मामला बड्डी थाना क्षेत्र के विश्रामपुर गांव का है। जहां मंगलवार की देर शाम भूमि विवाद ने खूनी रूप ले लिया। परिवार के भीतर चल रहे जमीन संबंधी विवाद के बीच शराब के नशे में धुत एक व्यक्ति ने अपने ही पिता की हत्या करने के इरादे से फायरिंग कर दी। युवक का निशाना चूक जाने से गोली उसके अपने 19 साल के बेटे को जा लगी। इस हादसे में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद पूरे गांव में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही बड्डी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी को दोनाली बंदूक के साथ गिरफ्तार कर लिया। घायल युवक का इलाज सदर अस्पताल, सासाराम के ट्रॉमा सेंटर में चल रहा है, जहां उसकी स्थिति गंभीर बताई जा रही है।
जमीन विवाद बना हिंसक
जानकारी के अनुसार विश्रामपुर गांव के रहने वाले सत्येंद्र सिंह और उनके पुत्र भूपेंद्र सिंह के बीच लंबे समय से जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। मंगलवार की दोपहर दोनों के बीच विवाद और बढ़ गया। आरोप है कि भूपेंद्र सिंह शराब के नशे में अपने पिता के साथ मारपीट पर उतारू हो गया। इसके बाद सत्येंद्र सिंह ने बड्डी थाना में अपने बेटे खिलाफ शराब के नशे में मारपीट करने और खेत को रेहन रखने से जुड़े विवाद को लेकर लिखित शिकायत दर्ज कराई।
पिता पर चलाई गोली
पुलिस में शिकायत दर्ज होने की जानकारी जैसे ही भूपेंद्र सिंह को मिली, वह और अधिक आक्रोशित हो गया। देर शाम उसने कथित रूप से शराब के नशे में अपने पिता पर दोनाली बंदूक से गोली चला दी। लेकिन गोली पिता को न लगकर पास खड़े उसके 19 साल के बेटे आस्थानंद सिंह को लग गई।
निशाना चूका तो बेटे को लगी गोली
गोली लगते ही आस्थानंद सिंह जमीन पर गिर पड़ा। घटना के बाद परिजनों और ग्रामीणों में अफरा-तफरी मच गई। परिवार के लोगों ने बिना देरी किए घायल युवक को इलाज के लिए सदर अस्पताल, सासाराम पहुंचाया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कर लिया गया है। बताया जा रहा है कि घायल की स्थिति गंभीर बनी हुई है।
बंदूक के साथ आरोपी गिरफ्तार
घटना की सूचना मिलते ही बड्डी थाना पुलिस विश्रामपुर गांव पहुंची और आरोपी की तलाश शुरू कर दी। पुलिस ने गांव के बाहर बने एक बगीचे में छापेमारी की, जहां से भूपेंद्र सिंह को शराब के नशे की हालत में गिरफ्तार कर लिया गया। उसके कब्जे से घटना में इस्तेमाल की जाने वाली दोनाली बंदूक भी बरामद की गई है। पुलिस ने हथियार को जब्त कर जांच शुरू कर दी है।
मामले की जांच कर रही है पुलिस
बड्डी थाना के प्रभारी थानाध्यक्ष लखनदेव पासवान ने बताया कि आरोपित को हिरासत में लेकर उससे पूछताछ की जा रही है। घायल युवक का इलाज जारी है और पूरे मामले में प्राथमिकी दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि घटना में इस्तेमाल होने वाले हथियार का लाइसेंस वैध है या नहीं। गोली चलाने की परिस्थितियां क्या थीं।
इनपुट: रंजन सिंह (रोहतास)









