5 अगस्त से महाराष्ट्र के रेजिडेंट डॉक्टरों की अनिश्चितकालीन हड़ताल, सरकारी अस्पतालों की OPD सेवाएं रहेंगी बंद

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें


महाराष्ट्र एसोसिएशन ऑफ रेजिडेंट डॉक्टर्स (MARD) ने 5 अगस्त की मध्यरात्रि से पूरे राज्य में अनिश्चितकालीन हड़ताल पर जाने का ऐलान किया है। इस फैसले के चलते बुधवार को मुंबई के प्रमुख सरकारी अस्पतालों केईएम, सायन, नायर और जे.जे. अस्पताल सहित राज्य के सभी सरकारी मेडिकल कॉलेजों की ओपीडी सेवाएं बंद रहेंगी। वही इमरजेंसी सेवाएं शुरू रहेंगी। रेजिडेंट डॉक्टरों ने यह हड़ताल महाराष्ट्र मेडिकल काउंसिल (MMC) द्वारा होम्योपैथी (BHMS) डॉक्टरों को छह माह का सर्टिफिकेट कोर्स इन मॉडर्न फार्माकोलॉजी (CCMP) पूरा करने के बाद आधुनिक दवाएं लिखने और पंजीकरण देने की प्रक्रिया के विरोध में बुलाई है।

क्या है MARD की मांग?

MARD का कहना है कि इस नीति को लेकर सरकार के साथ कई दौर की बातचीत हुई, लेकिन कोई संतोषजनक आश्वासन नहीं मिला। संगठन का कहना है कि मामला फिलहाल अदालत में विचाराधीन है और स्पष्ट कानूनी एवं नियामकीय ढांचा तैयार किए बिना इस नीति को लागू करना मरीजों की सुरक्षा के लिए उचित नहीं होगा। MARD ने मांग की है कि अदालत का अंतिम फैसला आने तक BHMS-CCMP पंजीकरण प्रक्रिया तत्काल स्थगित की जाए। साथ ही संगठन ने राज्यभर के रेजिडेंट डॉक्टरों से जुड़े लंबे समय से लंबित मुद्दों के समाधान की भी मांग की है।

क्या-क्या रहेगा बंद?

महाराष्ट्र एसोसिएशन ऑफ रेजिडेंट डॉक्टर्स के अनुसार, हड़ताल के पहले 24 घंटे यानी 5 अगस्त को आपातकालीन और कैजुअल्टी सेवाएं जारी रहेंगी, ताकि मरीजों को गंभीर परेशानी न हो। हालांकि, ओपीडी सेवाएं, नियमित ड्यूटी, वैकल्पिक (इलेक्टिव) सर्जरी और शैक्षणिक गतिविधियां पूरी तरह बंद रहेंगी। यदि सरकार की ओर से कोई सकारात्मक समाधान नहीं निकलता है, तो 6 अगस्त से आपातकालीन सेवाएं भी बंद कर दी जाएंगी और सभी रेजिडेंट डॉक्टर अनिश्चितकालीन हड़ताल पर रहेंगे।

चिकित्सा पद्धति या उसके चिकित्सकों के खिलाफ नहीं- MARD 

MARD ने स्पष्ट किया है कि उनका आंदोलन किसी चिकित्सा पद्धति या उसके चिकित्सकों के खिलाफ नहीं है, बल्कि मरीजों की सुरक्षा, वैज्ञानिक मानकों और कानूनी प्रक्रिया का पालन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से किया जा रहा है। बुधवार सुबह 10 बजे के बाद मुंबई के केईएम, सायन, नायर और जे.जे. अस्पताल सहित राज्य के सभी सरकारी मेडिकल कॉलेजों में रेजिडेंट डॉक्टर एकत्र होकर अपने आंदोलन की शुरुआत करेंगे।

ये भी पढ़ें- मुंबई के सिद्धि विनायक मंदिर में चढ़ावा चोरी पर ट्रस्ट ने दी सफाई, उद्धव की पार्टी के कार्यकर्ताओं पर गंभीर आरोप

मुंबई-नासिक हाईवे के गड्ढे ने ली TDRF जवान की जान, कोहिनूर हादसे में बचाई थीं कई जिंदगियां





Source link

Leave a Comment

और पढ़ें