No filter love : आपने कभी सोचा है कि हम डेटिंग ऐप्स पर अपनी प्रोफाइल फोटो को परफेक्ट बनाने के लिए कितनी मेहनत करते हैं? या पहली डेट पर जाने से पहले इस बात की कितनी टेंशन लेते हैं कि सामने वाले को हम ‘परफेक्ट’ लगेंगे या नहीं? सच कहूँ तो दिखावे की ये दुनिया काफी थकान देने वाली है. आज के डिजिटल दौर में जहां प्यार ‘परफेक्ट फिल्टर’ के बीच कहीं खो गया है, वहां एक नई हवा चल पड़ी है जिसका नाम है ‘Wildflowering’ (वाइल्डफ्लावरिंग).
वाइल्डफ्लावरिंग यानी जंगली फूल. यह कोई किताबी शब्द नहीं, बल्कि खुद को ईमानदारी से स्वीकार करने और बिना किसी डर के खुद को वैसा ही पेश करने का एक तरीका है, जैसे आप हैं. दिखावे की इस दुनिया में ज्यादातर लोग अब बनावटी जिंदगी जीते-जीते थक चुके हैं. उन्हें प्यार का रिश्ता निभाने के लिए महंगे गुलाबों का गुलदस्ता नहीं चाहिए, न ही किसी फिल्म स्टार जैसा दिखने वाला. उन्हें बस एक ऐसी मोहब्बत चाहिए जो बेखौफ हो, बेलगाम हो और पूरी तरह से ‘असली’ हो.
‘वाइल्डफ्लावरिंग’ एक समाधान की तरह है, जहाँ वे बिना किसी बनावट या ज्यादा सोच-विचार के, अपनी असलियत के साथ प्यार को तलाश सकते हैं.
क्वैंकक्वैंक (QuackQuack) ऐप के फाउंडर और सीईओ रवि मित्तल कहते हैं, “आजकल के युवा अब किसी ‘परफेक्ट’ बायो या प्रोफाइल के पीछे नहीं भागते. वे उन पुराने और अनकहे नियमों को भी नहीं मानते, जैसे कि मैसेज का तुरंत जवाब न देना या किसी तय समय में रिश्ते का नाम तय करना. आज की पीढ़ी अपने खुद के नियम बनाना चाहती है. उनके लिए ‘वाइल्डफ्लावरिंग’ एक समाधान की तरह है, जहाँ वे बिना किसी बनावट या ज्यादा सोच-विचार के, अपनी असलियत के साथ प्यार को तलाश सकते हैं.”
दिखावे के बाहर की दुनिया
कल्पना कीजिए एक बगीचे की हर फूल पौधों को काट-छाँट कर एक जैसा बनाया गया है. डेटिंग की दुनिया भी कुछ ऐसी ही हो गई थी. तयशुदा बातचीत, बनावटी हंसी और खुद को ‘बेस्ट’ दिखाने की होड़. लेकिन ‘वाइल्डफ्लावरिंग’ इस सजे-धजे बगीचे की दीवार को लांघकर बाहर निकलने का एक नाम है.
यह ट्रेंड कहता है कि कोई जरूरत नहीं है आपको ‘ऐश्वर्या’ जैसी खूबसूरत दिखने की, या किसी ‘हीरो’ जैसा बर्ताव करने की. जैसे एक जंगली फूल (Wildflower) कहीं भी, किसी भी जमीन पर अपनी मर्जी से खिल जाता है, वैसे ही यह ट्रेंड लोगों को अपनी खामियों के साथ प्यार तलाशने की आजादी देता है.
क्या है ‘वाइल्डफ्लावरिंग’ का असली मतलब?
वाइल्डफ्लावरिंग का सीधा सा अर्थ है बिना किसी शर्त और बिना किसी बनावट के खुद को पेश करना. इसमें आप अपनी सुबह की बिखरी हुई जुल्फों या साधारण कपड़ों को छिपाते नहीं हैं. आप जैसे हैं, वैसे ही सामने वाले के सामने आते हैं. आपको परफेक्ट दिखने के लिए हर वक्त फिल्टर की जरूरत नहीं.
इस तरह कह सकते हैं कि डेटिंग का मतलब अब केवल महंगे कैफे या कैंडल लाइट डिनर नहीं, किसी नुक्कड़ पर चाय पीना या बारिश में बिना छाते के टहलना नहीं है. अगर आपको कोई बात बुरी लगती है तो अपनी बात कहें, अगर आप बेपनाह मोहब्बत करना चाहते हैं, तो आप बिना डरे इजहार करें.
क्यों बढ़ रहा है इसका क्रेज?
सोशल मीडिया ने हमारे ऊपर एक अनचाहा दबाव डाल दिया था. हमेशा अच्छा दिखना, हमेशा खुश रहना और हमेशा ‘कूल’ बने रहना. इस दबाव ने रिश्तों से सुकून छीन लिया है . युवा अब इस “परफेक्शन” की जेल से ऊब चुके हैं. उन्हें समझ आ गया है कि गुलाब के साथ कांटे तो आएंगे ही, और जो कांटे स्वीकार न करे, वो प्यार कैसा?
‘वाइल्डफ्लावरिंग’ उन लोगों के लिए एक राहत की तरह है जो कहते हैं, “मुझे पसंद करने के लिए आपको मेरी खामियों से भी प्यार करना होगा.” यह ट्रेंड मानसिक शांति और भावनात्मक ईमानदारी को सबसे ऊपर रखता है.
रिश्तों को मिल रही नई जान
इस ट्रेंड की सबसे खूबसूरत बात इसकी ‘बेलगाम’ प्रकृति है. यह किसी सामाजिक ढांचे या ‘लोग क्या कहेंगे’ के डर से नहीं बंधा है. जब दो लोग बिना कुछ छिपाए मिलते हैं, तो उनके बीच का जुड़ाव ज्यादा गहरा और टिकाऊ होता है. यहां न तो ‘फूल’ देने की औपचारिकता है, न ही किसी सांचे में ढलने की मजबूरी. बस एक भरोसा है कि हम जैसे भी हैं, साथ में खूबसूरत हैं.
‘वाइल्डफ्लावरिंग’ सिर्फ एक डेटिंग ट्रेंड नहीं, बल्कि एक जीवन दर्शन है. यह हमें याद दिलाता है कि प्यार कोई सजावटी वस्तु नहीं है जिसे सहेज कर रखा जाए, बल्कि यह तो वो जंगली खुशबू है जिसे महसूस किया जाना चाहिए.
तो अगर आप भी बनावटी दुनिया से थक चुके हैं, तो बेखौफ होकर खिलिए. क्योंकि असली मजा तो उसी मोहब्बत में है, जो बेलगाम हो और अपनी शर्तों पर जी जाए.








