पापा ने हमेशा दिया साथ, अब आपकी बारी! फादर्स डे पर दें दिल छू लेने वाला गिफ्ट, ये छोटे तोहफे बना देंगे दिन यादगार

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें


Last Updated:

Fathers Day Gift Ideas: कई बार जिंदगी की भागदौड़ में हम उन लोगों को धन्यवाद कहना भूल जाते हैं, जो बिना किसी उम्मीद के हमेशा हमारे साथ खड़े रहते हैं. पापा भी ऐसे ही होते हैं, जो अपनी जरूरतों को पीछे रखकर बच्चों की खुशियों को सबसे ऊपर रखते हैं. उनकी छोटी-छोटी इच्छाओं का ध्यान रखते हुए इस फादर्स डे उन्हें कुछ खास महसूस कराया जा सकता है. 21 जून 2026 को फादर्स डे मनाया जाएगा और यह मौका है जब आप अपने पिता के प्रति प्यार, सम्मान और आभार जाहिर कर सकते हैं. जरूरी नहीं कि गिफ्ट बहुत महंगा हो, कई बार एक छोटी-सी चीज भी दिल को छू जाती है, अगर उसमें अपनापन जुड़ा हो. उनकी सेहत, पसंद, पुराने किस्सों और रोजमर्रा की जरूरतों को ध्यान में रखकर चुना गया तोहफा उनके चेहरे पर बड़ी मुस्कान ला सकता है.

हेल्थ और आराम से जुड़े गिफ्ट्स बन सकते हैं बेहतरीन विकल्प उम्र बढ़ने के साथ शरीर को ज्यादा आराम और देखभाल की जरूरत होती है. ऐसे में अगर आप अपने पापा की सेहत का ध्यान रखते हुए कोई गिफ्ट देना चाहते हैं तो फुट मसाजर, मसाज पिलो या आरामदायक कुशन जैसे विकल्प अच्छे हो सकते हैं. आजकल स्मार्ट वॉच भी काफी पसंद की जा रही है. यह सिर्फ समय देखने का साधन नहीं है, बल्कि फिटनेस ट्रैकिंग, कदमों की गिनती और स्वास्थ्य से जुड़े कई फीचर्स भी देती है. अगर आपके पापा रोज टहलने जाते हैं या अपनी फिटनेस को लेकर जागरूक रहते हैं, तो यह उनके लिए उपयोगी गिफ्ट साबित हो सकता है.

पापा के शौक से जुड़ा गिफ्ट होगा सबसे खास अक्सर माता-पिता परिवार की जिम्मेदारियों में अपने शौक पीछे छोड़ देते हैं. ऐसे में फादर्स डे पर उनके पसंदीदा शौक से जुड़ा गिफ्ट उन्हें खुशी दे सकता है. अगर आपके पापा को संगीत पसंद है, तो आप उन्हें एक अच्छा ब्लूटूथ स्पीकर दे सकते हैं. वह अपने पसंदीदा पुराने गाने सुनकर खाली समय को और बेहतर बना पाएंगे. वहीं अगर उन्हें किताबें पढ़ने का शौक है तो उनकी पसंद के लेखक की किताबों का कलेक्शन एक अच्छा विकल्प हो सकता है.

रोजमर्रा में काम आने वाली चीजें भी हैं उपयोगी अगर आप ऐसा गिफ्ट देना चाहते हैं जिसका इस्तेमाल पापा रोज कर सकें, तो लेदर वॉलेट, बेल्ट, घड़ी, शेविंग किट या उनका पसंदीदा परफ्यूम अच्छे विकल्प हो सकते हैं. अगर आपके पिता सुबह या शाम वॉक पर जाते हैं, तो आरामदायक वॉकिंग शूज भी एक शानदार गिफ्ट हो सकता है. ऐसे तोहफे उन्हें बार-बार आपकी याद दिलाएंगे और उनके काम भी आएंगे.

Add News18 as
Preferred Source on Google

पुरानी यादों को फिर से जीवंत कर देंगे पर्सनलाइज्ड गिफ्ट्स हर परिवार के पास कुछ ऐसी तस्वीरें जरूर होती हैं, जिन्हें देखकर पुराने पल याद आ जाते हैं. बचपन की फोटो, फैमिली ट्रिप की तस्वीरें या पापा के साथ बिताए खास लम्हों को एक खूबसूरत फोटो फ्रेम या एल्बम में सजाकर देना एक भावनात्मक तोहफा हो सकता है. इसके अलावा कस्टमाइज्ड गिफ्ट्स भी इन दिनों काफी ट्रेंड में हैं. पापा की फोटो वाला कॉफी मग, नाम लिखा हुआ वॉलेट या कोई खास मैसेज वाली चीज उन्हें यह एहसास दिला सकती है कि आपने उनके लिए सोच-समझकर कुछ चुना है.

सबसे बड़ा गिफ्ट है पापा के साथ बिताया गया समय बाजार से खरीदी गई चीजें कुछ समय बाद पुरानी हो सकती हैं, लेकिन अपनों के साथ बिताए पल हमेशा याद रहते हैं. आज की व्यस्त जिंदगी में कई बार हम अपने माता-पिता से खुलकर बात करने का समय नहीं निकाल पाते. इस फादर्स डे पर कुछ समय सिर्फ अपने पापा के नाम करें. उनके साथ बैठकर चाय पीजिए, पुराने किस्से सुनिए, उनकी बातें ध्यान से सुनिए या उन्हें कहीं घूमाने ले जाइए. हो सकता है यही छोटा-सा पल उनके लिए सबसे बड़ा तोहफा बन जाए.

पापा के लिए प्यार जताने के लिए किसी खास दिन का इंतजार जरूरी नहीं होता, लेकिन फादर्स डे एक खूबसूरत बहाना जरूर देता है कि हम उन्हें बता सकें कि वे हमारी जिंदगी में कितने खास हैं.

न्यूज़18 को गूगल पर अपने पसंदीदा समाचार स्रोत के रूप में जोड़ने के लिए यहां क्लिक करें।



Source link

Leave a Comment

और पढ़ें