उत्तर प्रदेश के मऊ जिले के थाना दक्षिण टोला क्षेत्र के मिर्जाहाजीपुरा इलाके से पुलिस की दबंगई और कानून को अपने हाथ में लेने का एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। बाइक और स्कूटी की टक्कर में एक महिला के घायल होने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने खुद ही सरेआम बीच सड़क पर बाइक सवार युवक की जमकर पिटाई कर दी। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
पुलिसकर्मी ने बिना जांच पड़ताल किए खुद ही युवक को पीट दिया
सड़क हादसे में स्कूटी पर सवार एक महिला घायल हो गई। घटना के बाद मौके पर स्थानीय लोगों की भीड़ जमा हो गई और सूचना मिलने पर पुलिस भी तुरंत मौके पर पहुंच गई। मामले की जांच और कानूनी कार्रवाई करने के बजाय मौके पर मौजूद एक पुलिसकर्मी का गुस्सा सातवें आसमान पर पहुंच गया। उसने बिना किसी जांच-पड़ताल के सरेआम बीच सड़क पर ही बाइक सवार युवक को थप्पड़ों और लात-घूंसों से पीटना शुरू कर दिया। सड़क के बीचों-बीच खाकी वर्दीधारी द्वारा की जा रही इस बर्बर पिटाई का किसी ने वीडियो बना लिया जो अब सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है।
पुलिस अधीक्षक ने की जांच के बाद कार्रवाई की बात
इस मामले में पुलिस अधीक्षक कमलेश बहादुर ने बताया कि एक वीडियो वायरल हो रहा है। इसमें एक बाइक सवार एक्सीडेंट करके भाग रहा था, जिसे पुलिस के जवानों ने किसी तरह से पकड़ा। उसमें पुलिसकर्मी के किए गए आचरण की वीडियो साक्ष्य जांच के बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद आ रही हैं तीखी प्रतिक्रियाएं
इस बीच एक बार फिर पुलिस की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। दरअसल पुलिस कर्मी की ओर से जो पिटाई की गई है, उसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। इसको लेकर लोग अब तीखी प्रतिक्रिया दे रहे हैं। उनका कहना है कि अगर पुलिसकर्मी ही सड़क पर खुद फैसला सुनाकर सरेआम मारपीट करने लगेंगे तो अदालतों और न्याय व्यवस्था का क्या औचित्य रह जाएगा। जनता की सुरक्षा का जिम्मा उठाने वाले जब खुद कानून अपने हाथ में लेने लगेंगे, तो आम नागरिकों का न्याय प्रणाली से भरोसा उठना लाजिमी है।
मऊ से राकेश कुमार सिंह की रिपोर्ट
यह भी पढ़ें
चेहल्लुम में बिरयानी की लूट, छीना-झपटी में कई लोगों को लगी चोट; डेग पर टूट पड़ी भीड़
प्रेम विवाह बना खूनी दुश्मनी की वजह, समधी ने समधी को बीच रास्ते गोलियों से भूना









