गुजरात में वडोदरा के एसएसजी अस्पताल से पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े करने वाली घटना सामने आई है। दुष्कर्म के मामले में गिरफ्तार आरोपी इलाज के दौरान पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया। घटना की सीसीटीवी फुटेज भी सामने आई है। सीसीटीवी वीडियो में आरोपी को भागते हुए देखा जा सकता है।
पुलिसकर्मी को चकमा देकर फरार
जानकारी के अनुसार, आरोपी को त्वचा रोग विभाग में इलाज के लिए लाया गया था। इसी दौरान उसने ड्यूटी पर तैनात कॉन्स्टेबल हितेंद्र सिंह को धक्का दिया और अस्पताल से फरार हो गया। पूरी घटना अस्पताल के सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है। आरोपी की तलाश में पुलिस की कई टीमें जुट गई हैं। घटना के बाद एसएसजी अस्पताल में पुलिस सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल उठ रहे हैं। पुलिस ने आरोपी को जल्द गिरफ्तार करने के लिए जांच और सर्च ऑपरेशन तेज कर दिया है।
यहां देखें वीडियो
मौके पर मौजूद लोग आरोपी को पकड़ नहीं पाए
सीसीटीवी वीडियो में देखा जा सकता है कि आरोपी पुलिस हिरासत से तेजी से भाग रहा है। कुछ लोग उसे पकड़ने की कोशिश भी करते हैं लेकिन पकड़ नहीं पाते हैं। आरोपी के पीछे-पीछे पुलिसकर्मी भी उसका पीछा कर रहा है। हालांकि वह भी उसे पकड़ नहीं पाता।
पहले भी सामने आ चुके हैं इस तरह के मामले
पुलिस हिरासत से फरार होने का यह पहला मामला नहीं है। इससे पहले 2011 में भी रेप के आरोप में गिरफ्तार 35 साल का एक व्यक्ति पुलिस कस्टडी से भाग गया था। यह घटना तब हुई जब भावेश जगदीशभाई पटेल करीब 40 किलोमीटर दूर कांभोला गांव में 10 साल की बच्ची के साथ रेप के आरोप में पकड़ा गया था। टॉयलेट जाने की इजाज़त लेकर पुलिस को चकमा देकर भाग निकला था। इससे पहले जून 2026 में शिनोर तालुका में चार साल की बच्ची के रेप और मर्डर के आरोप में गिरफ्तार युवक ने पुलिस हिरासत से भागने की कोशिश की थी। हालांकि वह उस दौरान पकड़ा गया था।
कार का रोड एक्सीडेंट
वहीं, एक अन्य घटना में वडोदरा शहर में एक कार रोड एक्सीडेंट का शिकार हो गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार कार चालक ने पहले सुसैन क्षेत्र में टक्कर मारी और इसके बाद मकरपुरा पुलिस स्टेशन के सामने लगी लोहे की जाली से जा भिड़ा। हादसे में किसी राहगीर को चोट नहीं आई, जबकि चालक घायल हुआ है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
रिपोर्टः सत्यम नेवस्कर
ये भी पढ़ेंः VIDEO: समुद्र की तरह हिलोरें मारता पानी, गुजरात के मोरबी में दिखा रहस्यमयी कुआं, लोग हैरान









