मंडला: मध्य प्रदेश के मंडला से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां एक सर्प मित्र को कोबरा सांप ने डस लिया, जिससे सर्प मित्र की मौत हो गई। दरअसल सर्प मित्र कोबरा को रेस्क्यू करने गया था लेकिन रेस्क्यू के दौरान सांप ने सर्प मित्र को काट लिया।
क्या है पूरा मामला?
मंडला में सांपों को रेस्क्यू कर लोगों की जान बचाने वाले सर्प मित्र बॉबी को कोबरा ने काट लिया, जिससे बॉबी की मौत हो गई। बॉबी अपने घर से करीब 6 किलोमीटर दूर इंडियन स्पेक्टेकल्ड कोबरा का रेस्क्यू करने पहुंचे थे। सर्प मित्र बॉबी ने सांप को डिब्बे में पैक करने की कोशिश की लेकिन डिब्बा डैमेज होने से कोबरा बाहर निकला और सर्प मित्र के पैर में डस लिया।
सर्प मित्र को तुरंत जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान आज सर्प मित्र की मौत हो गई। मरने से पहले सर्प मित्र बॉबी ने खुद पूरा घटनाक्रम भी बताया कि कैसे लापरवाही भारी पड़ी। गौरतलब है कि कोबरा को सबसे जहरीले और खतरनाक सांपों में से एक माना जाता है।
कितना जहरीला होता है कोबरा?
कोबरा को सबसे जहरीले सांपों में एक माना जाता है। भारतीय कोबरा और भी ज्यादा खतरनाक होता है, जिसे लोग आम भाषा में नाग भी कहते हैं। इसका जहर मुख्य रूप से न्यूरोटॉक्सिक होता है, यानी तंत्रिका तंत्र पर हमला करता है, जिससे लोगों की मौत हो जाती है।
कोबरा जब किसी इंसान को काटता है तो मुख्य रूप से सांस की मांसपेशियों और तंत्रिका तंत्र पर उसके जहर का असर होता है। जिससे पीड़ित व्यक्ति को धुंधला दिखना, बोलने/निगलने में दिक्कत, सांस लेने में तकलीफ और लकवा जैसे लक्षण देखने को मिलते हैं।
कोबरा की कुछ प्रजातियों में साइटोटॉक्सिन भी होते हैं, जिससे काटने वाली जगह पर सूजन और ऊतक क्षति हो सकती है।
अगर सही समय पर इलाज न मिले तो कोबरा के काटने से पीड़ित व्यक्ति की मौत हो सकती है। भारत में हर साल बड़ी संख्या में लोग कोबरा के काटने से जान गंवाते हैं।
बता दें कि कोबरा काफी जहरीला है, अगर वह काटता है तो किसी नीम-हकीम या बाबा-तांत्रिक के चक्कर में न पड़ें और फौरन हॉस्पिटल जाएं। सही समय पर हॉस्पिटल में पहुंचने से जान बच सकती है।
इससे पहले एक खबर सामने आई थी कि एक सपेरा कोबरा लेकर शराब लेने पहुंचा था और उसने नशे में सांप को वहीं छोड़ दिया था। इससे ग्राहकों में दहशत फैल गई थी।
ये भी पढ़ें-
मंदसौर में घर के अंदर बने कुएं से निकले 20 कोबरा सांप, 7 टैंकर पानी भरकर बाहर निकाला








