इंग्लैंड टेस्ट क्रिकेट टीम को नया हेड कोच मिल गया है। न्यूजीलैंड के पूर्व कप्तान स्टीफन फ्लेमिंग को टेस्ट टीम का नया हेड कोच नियुक्त किया गया है। फ्लेमिंग ने हाल ही में इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) की फ्रेंचाइजी चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) के साथ अपना कई सालों पुराना और बेहद सफल सफर खत्म किया था। इंग्लैंड टीम से जुड़ने पर फ्लेमिंग ने कहा कि वह इस नई जिम्मेदारी को लेकर काफी उत्साहित हैं और दुनिया की सबसे प्रतिष्ठित कोचिंग पोजिशन में से एक को संभालना उनके लिए बेहद सम्मान की बात है।
टेस्ट क्रिकेट में इंग्लैंड का हालिया प्रदर्शन रहा निराशाजनक
इंग्लैंड टीम में यह बदलाव बेन स्टोक्स और ब्रेंडन मैकुलम के दौर के खत्म होने के बाद आया है। एशेज सीरीज में निराशाजनक प्रदर्शन और उसके बाद न्यूजीलैंड के हाथों घरेलू टेस्ट सीरीज में 2-1 से मिली हार के बाद मैकुलम ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया। वहीं, बेन स्टोक्स ने भी इंटरनेशनल क्रिकेट से संन्यास की घोषणा कर दी थी। इसके बाद जो रूट को एक बार फिर से इंग्लैंड की टेस्ट टीम का नियमित कप्तान बनाया गया है।
इस पद पर नियुक्त होना मेरे लिए सम्मान की बात- फ्लेमिंग
स्टीफन फ्लेमिंग तुरंत टीम से नहीं जुड़ेंगे। वह इंग्लैंड के आगामी पाकिस्तान दौरे के बाद अपना पद संभालेंगे, क्योंकि वह इस समय अपने परिवार के साथ न्यूजीलैंड में हैं। पाकिस्तान के खिलाफ सीरीज के दौरान पूर्व इंग्लिश क्रिकेटर मार्कस ट्रेस्कोथिक कार्यवाहक कोच की भूमिका निभाएंगे। फ्लेमिंग ने कहा कि इंग्लैंड के साथ टेस्ट कोच के तौर पर जुड़ने को लेकर मैं बहुत उत्साहित हूं। यह दुनिया भर के क्रिकेट में कोचिंग के सबसे प्रतिष्ठित पदों में से एक है और इस पद पर नियुक्त होना मेरे लिए सम्मान की बात है।
रूट और ब्रूक जैसे खिलाड़ियों के साथ काम करने के लिए उत्साहित हैं- फ्लेमिंग
स्टीफन फ्लेमिंग का कहना है कि वे इंग्लैंड टीम को तुरंत जीत दिलाने के साथ-साथ भविष्य के लिए भी एक मजबूत टीम बनाना चाहते हैं। उन्होंने कप्तान जो रूट को अपनी पीढ़ी का एक बहुत बड़ा और खास खिलाड़ी बताया और कहा कि वे उनके साथ काम करने के लिए काफी उत्साहित हैं। इसके अलावा, फ्लेमिंग ने युवा खिलाड़ी हैरी ब्रूक की बल्लेबाजी और कप्तानी के हुनर को और बेहतर बनाने पर खास ध्यान देने की बात कही। आपको बता दें कि रूट को दूसरी बार टेस्ट टीम का कप्तान नियुक्त किया गया है। इसे पहले वह 65 टेस्ट मैचों में कप्तानी कर चुके हैं।
यह भी पढ़ें
ODI world Cup 2027 में बनेगा नया कीर्तिमान, आईसीसी ने अभी से कर दिया ऐलान
इंडिया और पाकिस्तान के बीच महामुकाबला, एशियन लीजेंड्स लीग में संडे को होगा आमना- सामना








