दो मैचों की टेस्ट सीरीज के लिए भारतीय टीम आज श्रीलंका पहुंच चुकी है। बाएं हाथ के युवा बल्लेबाज साई सुदर्शन टीम के साथ नहीं गए हैं। उनकी टीम में जगह पूरी तरह फिटनेस पर निर्भर थी, लेकिन वे अभी पूरी तरह ठीक नहीं हो पाए हैं। इस समय वे बेंगलुरु के ‘सेंटर ऑफ एक्सीलेंस’ में रिहैब कर रहे हैं। सूत्रों के अनुसार, इस बात की पूरी संभावना है कि साई सुदर्शन पहला टेस्ट मैच नहीं खेल पाएंगे, जो टीम इंडिया के लिए एक बड़ा झटका साबित हो सकता है। हालांकि वे दूसरे टेस्ट मैच से पहले टीम के साथ जुड़ सकते हैं।
बेंगलुरु में रिहैब कर रहे हैं साई सुदर्शन
न्यूज एजेंसी PTI के हवाले से इस मामले की जानकारी रखने वाले एक सूत्र ने बताया कि साई सुदर्शन इस समय बेंगलुरु के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस (COE) में अपनी पैर की उंगली की चोट से उबर रहे हैं। वे इस वक्त रिहैब कर रहे हैं और नेट पर एक घंटे से ज्यादा समय तक बैटिंग प्रैक्टिस भी कर रहे हैं। वे आने वाले मैचों में खेल पाएंगे या नहीं, इस पर आखिरी फैसला अगले तीन-चार दिनों तक उनकी फिटनेस की जांच करने के बाद ही लिया जाएगा। बता दें कि उन्हें यह चोट हाल ही में इंडिया ‘ए’ के श्रीलंका दौरे के दौरान लगी थी।
दूसरे टेस्ट से पहले टीम के साथ जुड़ सकते हैं सुदर्शन
सूत्र ने आगे बताया कि इंटरनेशनल क्रिकेट में वापसी से पहले साई सुदर्शन का पूरी तरह से फिट होना बेहद जरूरी है। वे हर्षित राणा जैसी स्थिति दोहराना नहीं चाहते, जो मैदान पर वापसी करते ही दोबारा चोटिल हो गए थे। भारत और श्रीलंका के बीच दूसरा टेस्ट मैच 23 अगस्त से कोलंबो में शुरू होगा। चूंकि सुदर्शन ने बेंगलुरु के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस (COE) में नेट पर बल्लेबाजी शुरू कर दी है, इसलिए मेडिकल टीम को पूरी उम्मीद है कि वे दूसरे टेस्ट तक टीम के साथ जुड़ जाएंगे।
15 अगस्त से खेला जाएगा पहला टेस्ट मैच
भारत और श्रीलंका के बीच पहला टेस्ट मैच 15 से 19 अगस्त के बीच और दूसरा टेस्ट 23 से 27 अगस्त तक खेला जाएगा। इससे पहले दोनों टीमें 7 से 9 अगस्त तक तीन दिनों का एक प्रैक्टिस मैच भी खेलेंगी। पहले यह प्रैक्टिस मैच चार दिनों का होने वाला था, लेकिन अब इसे घटाकर तीन दिन का कर दिया गया है। शुभमन गिल की कप्तानी में भारतीय टीम इसी अभ्यास मैच से अपनी तैयारी को मजबूत करने उतरेगी। वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) के नजरिए से यह पूरी सीरीज भारत के लिए काफी अहम है।
यह भी पढ़ें
शुभमन गिल की कप्तानी में श्रीलंका पहुंची टीम इंडिया, 7 अगस्त से शुरू होगा इम्तिहान
आईसीसी टेस्ट रैंकिंग में कहां है भारत और श्रीलंका, 15 अगस्त से होगा सीरीज का आगाज








