महाराष्ट्र के मुंबई में आज (गुरुवार को) JNPT चैनल के बाहर एक नाव डूबने की खबर आई थी। ये भी बताया गया कि इस नाव पर 9 मछुआरे सवार थे जो फंस गए। इसके बाद मुंबई पुलिस मौके पर पहुंची और मछुआरों को रेस्क्यू किया। प्राथमिक रूप से मिली जानकारी के मुताबिक, मुंबई के येलोगेट पुलिस स्टेशन की सीमा में JNPT चैनल के बाहर एक नाव के डूबने की सूचना मिलने के बाद राहत एवं बचाव अभियान चलाया गया।
नाव के इंजन रूम में भर गया था पानी
बता दें कि विनायक (IND-MH-MM-07-3350) नामक नाव के इंजन रूम में बड़ी मात्रा में पानी भर गया था और इंजन बंद होने के कारण नाव डूबने की स्थिति में थी। तभी पुलिस मौके पर पहुंची और मछुआरों को रेस्क्यू किया।
पुलिस ने पानी के बीच फंसे मछुआरों को किया रेस्क्यू
विनायक नाव का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें नाव के अंदर पानी भरा हुआ दिखाई दे रहा है। मछुआरे नाव से पानी निकालने की कोशिश करते हैं लेकिन वह इसमें सफल नहीं हो पाते हैं। मुंबई पुलिस फिर वहां दूसरी बोट लेकर पहुंची और पानी के बीच फंसे मछुआरों को रेस्क्यू किया।
डूब रही नाव को सुरक्षित भाऊचा धक्का तक लाया गया
PSI धर्मेंद्र कुमार ने बताया कि सूचना मिलते ही मुंबई पुलिस की संबंधित टीम ने मौके पर पहुंचकर नाव पर सवार 9 मछुआरों को सुरक्षित पाया। उनकी मदद के लिए निजी नाव महाशांति दीप (IND-MH-MM-07-246) मौके पर पहुंची और डूब रही नाव को सुरक्षित रूप से भाऊचा धक्का तक लाया गया। दोपहर करीब 2 बजकर 15 मिनट पर नाव को येलोगेट SRPI और AEP येलोगेट के नियंत्रण में सुरक्षित रूप से सौंप दिया गया। मामले की सूचना संबंधित अधिकारियों को दे दी गई है।
जब बोट पर सवार 130 यात्रियों की अटक गई थी जान
इससे पहले, अप्रैल 2025 में मुंबई में समुद्र में अचानक एक बोट डूबने लगी थी। ऐसे में करीब 130 यात्रियों की जान अटक गई थी। ये घटना गेटवे ऑफ इंडिया के पास हुई थी। यह बोट गेटवे ऑफ इंडिया से मंडवा जा रही थी। लेकिन अचानक रास्ते में ही डगमगाने लगी। इसके बाद, समंदर में आसपास मौजूद बोट ने राहत-बचाव कार्य शुरू कर दिया था, जिससे समय रहते सभी को बचा लिया गया था।
ये भी पढ़ें- मुंबई: समंदर में एक और हादसा, मछुआरों की बोट और कार्गो शिप की हुई टक्कर, देखें वीडियो








