हरियाणा के फरीदाबाद जिले से सनसनीखेज मामला सामने आया है। सिकरोना गांव में एक प्राइवेट स्कूल की महिला टीचर की दिनदहाड़े चाकू मारकर हत्या कर दी गई। वारदात पुलिस चौकी से कुछ ही मीटर की दूरी पर हुई, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।
हमलावर ने मुंह पर बांध रखा था कपड़ा
मृतका की पहचान संध्या के रूप में हुई है, जो गांव सिकरोना स्थित एक प्राइवेट स्कूल में टीचर थी। जानकारी के अनुसार, संध्या स्कूल पहुंचकर बच्चों को पढ़ाने की तैयारी कर रही थीं। इसी दौरान मुंह पर कपड़ा बांधे एक युवक स्कूल पहुंचा और उनसे मिलने की बात कही।
गर्दन पर मारी चाकू
बताया जा रहा है कि जैसे ही संध्या स्कूल के गेट पर युवक से मिलने पहुंचीं, आरोपी ने उन पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमलावर ने 30 सेकेंड में करीब 34 बार स्कूल टीचर के चाकू मारा। आरोपी ने उनकी गर्दन पर भी कई वार किए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर गिर पड़ीं।
मौके से फरार हुआ आरोपी
शोर सुनकर स्कूल संचालक और अन्य लोग टीचर को बचाने के लिए दौड़े, लेकिन आरोपी ने उनकी ओर भी चाकू लहराते हुए हमला करने की कोशिश की। इसके बाद वह मौके से फरार हो गया। गंभीर रूप से घायल टीचर की मौके पर ही मौत हो गई।
हत्या के पीछे के कारणों का लगाया जा रहा पता
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस का कहना है कि आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है। उसकी गिरफ्तारी के लिए टीमें गठित कर जांच और तलाश तेज कर दी गई है। हत्या के पीछे के कारणों का भी पता लगाया जा रहा है।
स्कूल की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल
इस घटना के बाद स्कूल के बाकी महिला टीचर्स में डर का माहौल है। स्कूल की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। कोई अनचाहा व्यक्ति स्कूल के अंदर कैसे आ सकता है?
सुनील कुमार की रिपोर्ट
ये भी पढ़ें:








