शादी के बाद मायके से नहीं लौटी पत्नी, युवक ने जहर खाकर दी जान; पिता बोले- इकलौता बेटा था, इंजीनियरिंग तक की पढ़ाई कराई थी

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें


मध्य प्रदेश के डिंडौरी जिले के किसलपुरी गांव में बुधवार सुबह एक हृदय विदारक घटना सामने आई। यहां 30 वर्षीय युवक सौरभ पाठक ने कथित तौर पर सल्फास का सेवन कर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद से मृतक के परिवार में कोहराम मचा हुआ है। सिटी कोतवाली पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की गहनता से जांच शुरू कर दी है।

परिजनों के अनुसार, मृतक सौरभ रोज की तरह बुधवार सुबह करीब 5:00 बजे मॉर्निंग वॉक पर गया था। वहां से लौटने के बाद उसने पास के ही एक होटल में चाय पी और घर आया। घर आने के बाद उसने अचानक सल्फास की गोली खा ली। जहर खाने के बाद उसने सो रहे अपने पिता सतीश पाठक को जगाया और पैर पकड़कर बताया कि उसने जहर खा लिया है। यह सुनते ही परिजनों के पैरों तले जमीन खिसक गई। वे तुरंत उसे गंभीर हालत में जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

दिसंबर 2025 में हुई थी शादी

मृतक के पिता सतीश पाठक ने रोते हुए बताया कि सौरभ उनका इकलौता बेटा था। उन्होंने उसे बहुत अरमानों के साथ इंजीनियरिंग तक की उच्च शिक्षा दिलाई थी। दिसंबर 2025 में ही उसकी शादी शहडोल जिले के बुढ़ार निवासी अशोक पांडेय की बेटी के साथ हुई थी।

परिजनों के गंभीर आरोप

परिजनों का आरोप है कि 3 मई को सौरभ की पत्नी अपने भाई के साथ मायके चली गई थी और उसके बाद वापस नहीं लौटी। उनका कहना है कि उन्होंने कई बार बहू और उसके मायके पक्ष से संपर्क कर उसे वापस भेजने का अनुरोध किया, लेकिन कथित तौर पर उन्हें यह कहकर मना कर दिया गया कि अभी एक वर्ष तक बेटी को नहीं भेजेंगे। परिवार का यह भी आरोप है कि बहू द्वारा लगातार प्रताड़ित किए जाने से सौरभ मानसिक तनाव में था।

पुलिस का कहना है कि फिलहाल मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। मृतक के मोबाइल की कॉल डिटेल और व्हाट्सएप चैट की जांच की जाएगी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।

परिजनों का कहना है कि घटना की सूचना बहू के मायके में दे दी गई है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि दोनों पक्षों के बयान और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। इस मामले में परिजनों द्वारा लगाए गए आरोप उनकी ओर से किए गए दावे हैं। इन आरोपों की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी। फिलहाल, पुलिस सभी पहलुओं की निष्पक्ष जांच कर रही है।

(रिपोर्ट- दीपक कुमार नामदेव)

डिस्क्लेमर: प्रशिक्षित और मान्यता प्राप्त मानसिक स्वास्थ्य (मेंटल हेल्थ) परामर्शदाताओं से परामर्श और सहायता प्राप्त करने के लिए टोल-फ्री हेल्पलाइन नंबर 14416 या 1800-891-4416 डायल करें।

या

TISS Icall 022-25521111 (सोमवार-शनिवार: सुबह 8 बजे से रात 10 बजे तक)

(यदि आपको सहायता की आवश्यकता है या आप किसी ऐसे व्यक्ति को जानते हैं जिसे सहायता की आवश्यकता है, तो कृपया अपने निकटतम मानसिक स्वास्थ्य विशेषज्ञ से संपर्क करें।)

ये भी पढ़ें-

ई-रिक्शा में सवारी बैठाकर बनाते थे निशाना, चोरी के पैसों से बना डाला 2.5 करोड़ का आलीशान बंगला; 18 सालों में 40 वारदातों का खुलासा

मध्य प्रदेश में अब बस यात्रा के लिए चुकाने होंगे ज्यादा पैसे, सामान्य से लग्जरी बसों तक नई दरें लागू





Source link

Leave a Comment

और पढ़ें