आलू बोंडा तो आपने कई बार बनाया और खाया होगा। आलू, ब्रेड और कुछ जगहों पर सिर्फ आलू और बेसन से बोंडा तैयार किया जाता है। लेकिन अगर आप आलू कम पसंद करते हैं तो एक बार टमाटर बोंडा बनाकर खाएं। इसमें आलू की स्टफिंग होती है और ये खाने में बहुत स्वादिष्ट लगता है। टमाटर बोंडा इतना मजेदार बनता है कि खाने वाले खाते ही रह जाएंगे। खास बात ये है कि ये टमाटर बोंडा बिल्कुल भी तेल नहीं सोखता। आप इसे खाएंगे तो हाथ जरा भी चिकने नहीं होंगे। फटाफट नोट कर लें रेसिपी।
टमाटर बोंडा की रेसिपी
पहला स्टेप- सबसे पहले आपको बोंडा के लिए स्टफिंग तैयार करनी है। इसके लिए एक कड़ाही में थोड़ा तेल डालें। इसमें सौंफ, साबुत धनिया, जीरा, हरी मिर्च और अदरक डालकर इन्हें धीमी आंच पर भून लें। इसमें थोड़ी काली मिर्च कुटी, हींग और 2 चम्मच बेसन डाल दें। मिक्स करें और फिर इसमें थोड़ी हल्दी, लाल मिर्च और पिसा धनिया डाल दें। थोड़ी कसूरी मेथी डाल दें और बारीक लंबा कटा प्याज डाल दें। सारी चीजों को हल्का फ्राई होने दें और फिर इसमें उबले हुए आलू मसलते हुए डाल दें। अब इसमें थोड़ा काला नमक, आमचूर पाउडर और बारीक कटा हरा धनिया डाल दें।
दूसरा स्टेप- अब आपको जितने बोंडा बनाने के उतने लगभग एक साइज के हाइब्रिड टमाटर लें। पीलर की मदद से टमाटर के ऊपर डंठल वाले हिस्से पर छेद करें। टमाटर के सारे बीज और पल्प निकाल दें और खाली कर लें। अब खाली टमाटर में तैयार किया आलू का मसाला भर दें।
तीसरा स्टेप- अब बेसन लें और पानी डालते हुए गाढ़ा बैटर तैयार कर लें। बेसन को हल्का फेंट लें इससे बेसन अच्छी तरह फूल जाएगा। अब आलू भरे हुए टमाटर को बेसन में डालें और कवर कर लें। अब गैस पर कड़ाही में तेल गर्म करें। इसमें बेसन में लिपटे हुए टमाटर डालकर सुनहरा होने तक फ्राई कर लें।
इसे बीच के काट लें और गर्मागरम सर्व करें। टमाटर बोंडा को आप हरी चटनी या लाल किसी भी चटनी और सॉस के साथ खा सकते हैं। लोग इसे टमाटर पकोड़ा भी कहते हैं। टमाटर बोंडा की ये रेसिपी आपको जरूर पसंद आएगी।









