वेस्टइंडीज और पाकिस्तान के बीच खेला जा रहा टेस्ट सीरीज का दूसरा मुकाबला अब काफी रोचक दौर में पहुंच चुका है। अब तक तीन दिन का खेल हो चुका है। खास बात ये रही कि तीसरे दिन कुल मिलाकर 14 विकेट गिरे। अब ऐसा लगता है कि चौथे दिन ही मैच खत्म हो जाएगा, इसके पांचवें दिन जाने की संभावना काफी कम नजर आती है। फिलहाल ये कह पाना काफी मुश्किल है कि कौन सी टीम यहां से जीत दर्ज करेगी।
पाकिस्तान ने मैच में बनाई बढ़त
पोर्ट ऑफ स्पेन के क्वींस पार्क ओवल में इस वक्त पाकिस्तान और वेस्टइंडीज के बीच टेस्ट सीरीज का दूसरा मैच जारी है। पहले बल्लेबाजी करते हुए वेस्टइंडीज ने 344 रनों का एक अच्छा स्कोर बनाया था। इसके बाद पाकिस्तान ने अपनी पहली पारी में 387 रन बनाकर बढ़त हासिल कर ली। इस पारी में पाकिस्तान के अब्दुल्ला शफीक ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए अपना शतक पूरा किया। हालांकि एक वक्त लग रहा था कि कप्तान बाबर आजम भी शतक लगा देंगे, लेकिन वे रन आउट हो गए। बाबर 88 रन बना सके और केवल 12 रन से अपने शतक से चूक गए। वे पिछले लंबे वक्त से टेस्ट शतक लगाने के लिए तरस रहे हैं, लेकिन वो पूरा नहीं हो पा रहा है।
वेस्टइंडीज के पास केवल 60 रन की बढ़त, चार विकेट बचे हैं शेष
इस बीच पहली पारी के आधार पर पाकिस्तान ने बढ़त हासिल कर ली। इसके बाद जब वेस्टइंडीज की टीम अपनी दूसरी पारी में बल्लेबाजी के लिए आई तो दिन का खेल खत्म होने तक 6 विकेट पर 103 रन ही बना सकी। यानी अब की स्थिति को देखें तो वेस्टइंडीज के केवल चार ही विकेट बचे हैं और टीम की लीड केवल 60 ही रन की है। अब बचे हुए चार और बल्लेबाज कितने रन बना पाएंगे, ये देखना दिलचस्प होगा।
रोस्टन चेज के हाथ में होगी टीम की जीत की चाबी
खास बात ये है कि इस पिच पर स्पिनर्स को जबरदस्त मदद मिलनी शुरू हो गई है। वेस्टइंडीज की दूसरी पारी में पाकिस्तान के स्पिनर साजिद खान ने चार विकेट अपने नाम किए थे। वेस्टइंडीज की दूसरी पारी में अब तक जो छह विकेट गिरे हैं, उसमें से चार विकेट साजिद खान ने ही चटकाए हैं। अब जब पाकिस्तान की टीम दूसरी पारी में बल्लेबाजी के लिए उतरेगी तो देखना होगा कि वेस्टइंडीज के कप्तान और स्पिनर रोस्टन चेज किस तरह की गेंदबाजी करते हैं। अगर वेस्टइंडीज को जीतना है तो उसकी चाबी रोस्टन चेज के ही पास है।
यह भी पढ़ें
21 छक्के और 241 रन से हुई रिकॉर्ड्स की बारिश, सनराइजर्स ने द हंड्रेड में रचा नया इतिहास







