देवरिया: यूपी के देवरिया जिले से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां जिले के पथरदेवा बाजार स्थित एक रेस्टोरेंट में ग्राहक को चाउमीन परोसी गई। कथित तौर इस चाउमीन में छिपकली मिलने से हड़कंप मच गया। मामले की शिकायत के बाद खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन (एफएसडीए) की टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की। निरीक्षण में साफ-सफाई की कमी मिलने पर रेस्टोरेंट का संचालन व्यवस्था दुरुस्त होने तक रोकने के निर्देश दिए गए। वहीं एक्सपायरी खाद्य सामग्री नष्ट कराई गई और चाउमीन समेत अन्य खाद्य पदार्थों के नमूने जांच के लिए भेजे गए।
चाउमीन में मिली छिपकली
बताया जा रहा है कि पथरदेवा के सिनेमा रोड स्थित रॉयल बेकर्स रेस्टोरेंट में कुछ लोग चाउमीन खाने के लिए पहुंचे। यहां युवकों ने चाउमीन के लिए ऑर्डर दिया। कुछ देर बाद चाउमीन उन्हें सौंपी गई, लेकिन चाउमीन खाते-खाते ग्राहक की नजर उस चाउमीन में मौजूद एक छिपकली पर पड़ी। बताया जा रहा है कि चाउमीन में छिपकली मरी हुई हालत में मिली। वहीं ग्राहक को परोसी गई चाउमीन में कथित रूप से छिपकली मिलने के बाद हंगामा हो गया। ग्राहक ने दुकान के संचालक से मामले की शिकायत की। इस दौरान घटनास्थल पर जमकर हंगामा देखने को मिला, जिसका वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
जांच में मिली खामियां
वहीं हंगामा बढ़ता देख पुलिस की टीम भी मौके पर पहुंची। इसके बाद एफएसडीए की टीम को सूचना दी गई। वहीं मामले की जानकारी मिलने के बाद एफएसडीए की टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर रेस्टोरेंट का निरीक्षण किया। वहीं जांच के दौरान साफ-सफाई में खामियां पाई गईं। इसके बाद जांच टीम के अधिकारियों ने व्यवस्था सुधरने तक दुकान के संचालन को रोकने के निर्देश दिए हैं। इसके साथ ही अधिकारियों की मौजूदगी में एक्सपायरी खाद्य पदार्थ मौके पर नष्ट कराए गए। जांच करने गई टीम ने चाउमीन, पनीर व छेना मिठाई के अन्य नमूने भी इकट्ठा किए और इन नमूनों को प्रयोगशाला में भेजा है। फिलहाल अधिकारियों का कहना है कि रिपोर्ट आने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल चाउमीन में मरी छिपकली मिलने के बाद यह इलाके में चर्चा का विषय बना हुआ है। (इनपुट- विनोद)
यह भी पढ़ें-








