फ्लाइट अटेंडेंट श्वेता पांडे का एक भावुक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। उन्होंने अपने पिता के जन्मदिन पर खास सरप्राइज दिया। पिता को बिल्कुल अंदाजा नहीं था कि बेटी उसी फ्लाइट में काम कर रही है। उन्होंने पहली बार बेटी को यूनिफॉर्म में देखा। यह पल पिता-पुत्री के लिए बेहद खास बन गया।
इंस्टाग्राम पर शेयर किया गया वीडियो
इस वीडियो को इंस्टाग्राम पर @shwetaaa.pandey नामक हैंडल से शेयर किया गया है। वीडियो में दिखता है कि जैसे ही पिता विमान में प्रवेश करते हैं, यूनिफॉर्म में खड़ी श्वेता मुस्कुराते हुए उनका स्वागत करती हैं। वे आगे बढ़कर पिता के पैर छूती हैं और आशीर्वाद लेती हैं। पिता पहले पल भर के लिए हैरान रह जाते हैं। वे यूनिफॉर्म में बेटी को पहचान नहीं पाते और पीछे हटते नजर आते हैं। फिर जैसे ही एहसास होता है, वे बेटी को गले लगा लेते हैं। भावुक पल में दोनों एक-दूसरे को कसकर होल्ड करते हैं।
पिता को बर्थडे पर दिया सरप्राइज
श्वेता ने कैप्शन में लिखा, “आज पापा का जन्मदिन है तो सोचा उनको सरप्राइज दे दूं। उन्हें बिल्कुल भी पता नहीं था कि मैं उनकी फ्लाइट में हूं। उन्होंने पहली बार मुझे यूनिफॉर्म में देखा।” वीडियो पर ओवरले टेक्स्ट भी है— “मैंने अपने पिता को उनके जन्मदिन पर सरप्राइज़ देने का फ़ैसला किया।” बाद में दोनों सेल्फी लेते हैं और श्वेता पिता को बर्थडे कार्ड देती हैं। कार्ड में लिखा था, “हैप्पी बर्थडे पापा। हमें आप पर गर्व है। भगवान आपको अच्छा स्वास्थ्य और लंबी उम्र दें। आप देश का झंडा गर्व के साथ ऊंचा रखते हैं। हमारे साथ आपके होने पर हम गर्व और सम्मान महसूस करते हैं।”
क्यूट वीडियो देख यूजर्स हुए इमोशनल
यह वीडियो लाखों लोगों तक पहुंच चुका है। दर्शक इसे “इमोशनल” बता रहे हैं। कुछ ने श्वेता की सोच की तारीफ की कि उन्होंने व्यस्त ड्यूटी के बीच भी पिता को इतना खास सरप्राइज दिया। कई ने पिता के चेहरे पर गर्व और खुशी देखकर प्रतिक्रिया दी। एक यूजर ने लिखा, “इतना प्यारा पल। पिता-पुत्री का रिश्ता सबसे खास होता है।”
दूसरे ने कहा, “निफॉर्म में बेटी को देखकर पापा का गर्व साफ झलक रहा है।”
तीसरे यूजर ने लिखा, “पिता-बेटी का कितना प्यारा पल है!”
चौथे ने कहा, “उनकी प्रतिक्रिया सब कुछ बयां करती है।”
पांचवें ने टिप्पणी की, “यह उनके लिए बहुत खास रहा होगा।”
गौरतलब है कि, इससे पहले एक बेटे ने अपनी पहली कमाई से पिता को स्पेशल सरप्राइज दिया था जिसका वीडियो काफी वायरल हुआ था।
डिस्क्लेमर: इस खबर में दी गई जानकारी सोशल मीडिया और रिपोर्ट्स में किए गए दावों पर आधारित है। इंडिया टीवी किसी भी प्रकार के दावे की प्रमाणिकता की पुष्टि नहीं करता है।
ये भी पढ़ें –








