अवैध कोयला खनन मामले में ED ने 31 ठिकानों पर मारे छापे, एक करोड़ रुपये कैश जब्त; 160 करोड़ के म्यूचुअल फंड फ्रीज

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें


प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने झारखंड के धनबाद में अवैध कोयला खनन और कोयले की तस्करी से जुड़े बड़े नेटवर्क पर बड़ी कार्रवाई की है। रांची जोनल ऑफिस की टीम ने 28 जुलाई को धनबाद में 31 अलग-अलग ठिकानों पर छापेमारी की। यह कार्रवाई धन शोधन निवारण अधिनियम (PMLA) के तहत अनिल गोयल, एलबी सिंह, हरेंद्र चौहान और उनके सहयोगियों से जुड़े मामलों में की गई। छापेमारी के दौरान गणेश यादव, पप्पू मंडल, रोहित यादव, माधो सिंह समेत कई लोगों और उनसे जुड़ी कंपनियों के परिसरों की भी तलाशी ली गई।

ईडी के मुताबिक, जांच की शुरुआत झारखंड पुलिस द्वारा दर्ज कई FIR के आधार पर हुई थी। इन मामलों में आरोप है कि अवैध कोयला खनन, चोरी के कोयले की तस्करी, कोयला उठाव के नाम पर रंगदारी वसूली और अन्य गैरकानूनी गतिविधियों के जरिए करोड़ों रुपये की अवैध कमाई की गई। इन मामलों में पुलिस कई चार्जशीट भी दाखिल कर चुकी है।

जांच में अकूत बेनामी संपत्ति का खुलासा

जांच में सामने आया कि आरोपियों ने अवैध कमाई को वैध दिखाने के लिए कई लोगों और कंपनियों का इस्तेमाल किया। इसके बाद इस पैसे से बड़ी संख्या में चल और अचल संपत्तियां खरीदी गईं। छापेमारी के दौरान ED ने एलबी सिंह के करीब ₹160 करोड़ के म्यूचुअल फंड निवेश को फ्रीज कर दिया। इसके अलावा ₹1.02 करोड़ की बेहिसाब नकदी भी जब्त की गई।

ईडी को तलाशी के दौरान 200 से अधिक संदिग्ध अचल संपत्तियों से जुड़ी जानकारी, कई डिजिटल उपकरण, कंपनियों के लेखा-जोखा से जुड़े दस्तावेज और अन्य अहम सबूत भी मिले हैं। एजेंसी का मानना है कि इन संपत्तियों को अवैध कमाई से खरीदा गया हो सकता है। गौरतलब है कि इससे पहले नवंबर 2025 में भी इसी मामले में अनिल गोयल, एलबी सिंह और उनसे जुड़े लोगों के ठिकानों पर ED ने छापेमारी की थी। फिलहाल एजेंसी मामले की आगे की जांच कर रही है।

इन दलों के नेताओं के ठिकानों पर छापेमारी

ईडी की कार्रवाई से धनबाद के कोयला व्यवसाय से जुड़े व्यवसायियो,राजनीति दल के नेताओ में खलबली मची रही। ईडी की कार्रवाई के दौरान कई लोग मौके से भाग निकले। लोयाबाद के कनकनी में डिप्टी मेयर अरुण चौहान और उनके भाई हरेंद्र चौहान के आवास पर करीब 13 घंटे तक सर्च ऑपरेशन चला। दोनों भाई उस समय घर पर नहीं मिले। चासनाला दो नंबर बस्ती में कांग्रेस के पूर्व प्रखंड अध्यक्ष इम्तियाज अली के आवास पर भी इडी ने तलाशी ली। उनके घर से कई महत्वपूर्ण दस्तावेज जब्त किये जाने की बात सामने आयी है। दो लोगों को भी इडी टीम अपने साथ ले गयी है।

लोदना ओपी क्षेत्र के हुचुकटांड़ में पूर्व राजद नेता व कथित कोयला कारोबारी गणेश यादव के आवास और आवासीय कार्यालय में तलाशी ली गयी।सूत्रों के अनुसार, गणेश यादव के आवास से एक लाख रुपये से अधिक नकद और कुछ महत्वपूर्ण दस्तावेज बरामद किये गये। इससे पहले भी ईडी की टीम झारखंड में कई बार अलग-अलग मामले में छापे मार चुकी है। वन भूमि घोटाले में ईडी ने रांची-बोकारो समेत 15 ठिकानों पर छापेमारी की थी। 

 

रिपोर्ट- कुंदन सिंह, धनबाद

ये भी पढ़ेंः JPSC 14वीं सिविल सेवा परीक्षा विवाद में CID की ताबड़तोड़ कार्रवाई, पूर्व अध्यक्ष एल. ख्यांग्ते से पूछताछ; भर्ती प्रक्रिया पर उठे गंभीर सवाल

झारखंड में बकरी चोरी के शक में मॉब लिंचिंग, ग्रामीणों की पिटाई से हुई युवक की मौत

 

 





Source link

Leave a Comment

और पढ़ें