फ्रिज से निकला जहरीला कोबरा सांप, परिवार के उड़े होश; बाढ़ का पानी उतरने के बाद बढ़ा खतरा

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें


ओडिशा के जाजपुर जिले से एक हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है। यहां बाढ़ का पानी कम होने के बाद जब लोग अपने घरों की सफाई और सामान व्यवस्थित करने में जुटे थे, तभी एक घर के फ्रिज के अंदर से जहरीला कोबरा सांप निकल आया। इस घटना ने बाढ़ प्रभावित इलाकों में लौट रहे लोगों के बीच डर का माहौल पैदा कर दिया है। यह घटना जाजपुर जिले के पाणिकोइली थाना क्षेत्र के पनास पंचायत की है। हाल ही में आई बाढ़ के दौरान बैतरणी नदी का पानी इस इलाके में घुस गया था, जिससे कई घर जलमग्न हो गए थे। पानी उतरने के बाद लोग धीरे-धीरे अपने घरों में लौट रहे हैं और सफाई का काम कर रहे हैं।

सफाई के दौरान निकला सांप

जानकारी के मुताबिक, पनासा पंचायत निवासी जहीर उद्दीन खान अपने घर की सफाई कर रहे थे। इसी दौरान उनकी नजर घर में रखे फ्रिज पर पड़ी। जब उन्होंने फ्रिज के अंदर देखा तो उसमें एक जहरीला कोबरा सांप छिपा हुआ था। सांप को देखते ही परिवार के लोगों के होश उड़ गए और उन्होंने तुरंत स्नेक रेस्क्यू टीम को इसकी सूचना दी। सूचना मिलते ही रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची और सावधानी के साथ घर की जांच शुरू की। काफी सतर्कता बरतते हुए टीम ने फ्रिज के अंदर छिपे कोबरा सांप को सुरक्षित बाहर निकाला। इसके बाद सांप को पकड़कर सुरक्षित स्थान पर ले जाया गया। इस दौरान किसी भी व्यक्ति को कोई नुकसान नहीं पहुंचा।

बाढ़ के बाद बढ़ा खतरा

यह घटना साफ दिखाती है कि बाढ़ के बाद घरों में लौटने वाले लोगों को कितनी सावधानी बरतने की जरूरत होती है। बाढ़ का पानी आने पर कई बार सांप और जंगली जीव बहकर रिहायशी इलाकों में पहुंच जाते हैं। पानी कम होने के बाद ये जीव घरों के अंदर, फर्नीचर, कपड़ों, बर्तनों, स्टोर रूम, फ्रिज, अलमारी या अन्य सामान के बीच छिपकर बैठ जाते हैं। बाढ़ प्रभावित इलाकों में घर लौटने के बाद बिना जांच किए किसी भी सामान को हाथ नहीं लगाना चाहिए। घर की सफाई करते समय हर कोने की सावधानी से जांच करनी चाहिए, क्योंकि सांप अंधेरी और सुरक्षित जगहों में छिपे रहते हैं।

रेस्क्यू टीम ने की अपील

रेस्क्यू टीम लोगों से हमेशा अपील करती है कि अगर घर के अंदर कहीं भी सांप दिखाई दे तो उसे पकड़ने या भगाने की कोशिश बिल्कुल न करें। ऐसा करना जानलेवा साबित हो सकता है। ऐसी स्थिति में तुरंत प्रशिक्षित स्नेक रेस्क्यू टीम या संबंधित विभाग को सूचना दें, ताकि सांप को सुरक्षित तरीके से पकड़ा जा सके। फिलहाल इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। हालांकि फ्रिज के अंदर से जहरीला कोबरा मिलने की इस घटना ने बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को सतर्क रहने की बड़ी सीख दी है। बाढ़ का पानी भले ही उतर गया हो, लेकिन उसके बाद भी घरों में छिपे जहरीले जीव लोगों के लिए गंभीर खतरा बन सकते हैं। (इनपुट- शुभम कुमार)

यह भी पढ़ें-

सहरसा में पैसेंजर ट्रेन में लगी भीषण आग, पूरी तरह जलकर खाक हुआ कोच; यात्रियों में हड़कंप





Source link

Leave a Comment

और पढ़ें