बरेली में सीएम योगी को धमकी देने वाले आरोपी को पुलिस ने किया गिरफ्तार, VIDEO में लंगड़ाता हुआ दिखा

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें


बरेली: बरेली में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को धमकी देने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। वीडियो में आरोपी हवालात से बाहर निकलते समय हाथ जोड़कर लंगड़ाता हुआ दिखाई दे रहा है। वह पुलिसकर्मियों से कहता सुनाई देता है, साहब गलती हो गई माफ कर दो। अब ऐसी गलती कभी नहीं होगी।

आरोपी के मोबाइल और अन्य डिजिटल रिकॉर्ड की भी जांच 

गिरफ्तारी के बाद आरोपी से पूछताछ की गई। उसके सोशल मीडिया अकाउंट भी खंगाले गए ताकि यह पता लगाया जा सके कि उसने इस तरह की पोस्ट क्यों की और उसके पीछे कोई अन्य व्यक्ति या संगठन तो नहीं है। पुलिस ने आरोपी के मोबाइल और अन्य डिजिटल रिकॉर्ड की भी जांच की। 

बताया जा रहा है कि बरेली के भोजीपुरा थाना इलाके के पिपरिया रोड स्थित मार्डन विलेज के रहने वाले अनिल कुमार ने यह धमकी दी थी। लखनऊ स्थित डायल 112 मुख्यालय से भोजीपुरा पुलिस को इसकी सूचना मिली। इसके बाद पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू की। 

दारोगा सुशील कुमार ने अनिल  को फोन किया। अनिल ने उन्हें भी निलंबित करने की धमकी दी थी। इतना ही नहीं वह पुलिस को अपना गलत पता बताकर लगातार गुमराह करता रहा। पुलिस के अनुसार आरोपी अनिल कुमार ने सोशल मीडिया पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के खिलाफ आपत्तिजनक और भड़काऊ टिप्पणी की थी। शिकायत मिलने के बाद पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां सक्रिय हुईं और आरोपी को पुरानी लोको कॉलोनी इलाके से गिरफ्तार कर लिया। 

माफी मांगते हुए नजर आया

जब पुलिस आरोपी को हवालात से निकालकर अदालत ले जा रही थी, तो वह माफी मांगता हुआ नजर आया। वीडियो में वह हाथ जोड़कर लंगड़ाते हुए चलता दिखाई देता है। उसने पुलिसकर्मियों से कहा कि उससे बड़ी गलती हो गई है और उसे माफ कर दो। वह भविष्य में ऐसी गलती दोबारा नहीं करने की बात भी कहता सुनाई देता है। यही वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। 

पुलिस ने क्या बताया?

सीओ ने बताया 31 जुलाई 2026 को थाना भोजीपुरा अंतर्गत अनिल कुमार नामक व्यक्ति के द्वारा फोन करके मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी को जान से मारने की धमकी देते हुए गाली गलौज किया गया एवं मौके पर जब पुलिस पहुंची तो उनके साथ भी अभद्र भाषा का इस्तेमाल करते हुए गाली गलौज किया गया। इस संबंध में थाना भोजीपुरा पर मुकदमा पंजीकृत करते हुए उक्त व्यक्ति को हिरासत में लिया गया है एवं पूछताछ कर माननीय न्यायालय के सुपुर्द करते हुए आवश्यक कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।

इससे पहले भी सीएम योगी को जान से मारने की धमकी मिली है, जिसमें उन्हें बम से उड़ाने की बात कही गई थी। (रिपोर्ट- बरेली से विकास साहनी)

ये भी पढ़ें-

कौन है मथुरा का सुनित, क्यों दी सीएम योगी को जान से मारने की धमकी? बड़े भाई ने बताई वजह





Source link

Leave a Comment

और पढ़ें