रतलाम जिले के बिलपांक थाना क्षेत्र में सराफा व्यापारी से बस में हुई करोड़ों रुपए की लूट का रतलाम पुलिस ने महज 48 घंटे में खुलासा कर दिया है। पुलिस ने वारदात में शामिल 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि 2 आरोपी अभी फरार हैं। आरोपियों के कब्जे से लूटे गए 4.167 किलोग्राम सोने और 4.047 किलोग्राम चांदी के आभूषण बरामद किए गए हैं। बरामद जेवरात की कुल अनुमानित कीमत करीब 5.5 करोड़ रुपए बताई गई है। इसके पहले मध्य प्रदेश के इंदौर के पलासिया इलाके चोर की खबर आई थी, जो 36 घंटे में सुलझी थी।
रतलाम लौट रहे सराफा व्यापारी को बनाया निशाना
पुलिस के अनुसार फरियादी अर्पित पिता ललित कुमार चोरड़िया, निवासी जैन कॉलोनी रतलाम, गणेश मार्केट चांदनी चौक में सोने-चांदी के आभूषणों का कारोबार करते हैं। वे बड़नगर के व्यापारियों के साथ भी सोने के आभूषणों का व्यापार करते हैं। 13 अगस्त को अर्पित बड़नगर में व्यापारिक कार्य से गए थे। वहां विभिन्न व्यापारियों को सोने के आभूषण बेचने के बाद रात करीब 8:20 बजे बीके यादव बस से रतलाम के लिए रवाना हुए थे। तब रात करीब 9:15 से 9:30 बजे के बीच बस जब हनुमान चौकी-उमरथाना फंटा क्षेत्र में पहुंची तभी बड़नगर से बस में सवार दो बदमाश व्यापारी के पास पहुंचे और बैग छीनने का प्रयास किया।
करोड़ों के सोना-चांदी किए चोरी
पुलिस की दी गई जानकारी के अनुसार व्यापारी ने बैग पकड़कर विरोध किया और शोर मचाया तो पहले से मौजूद तीन अन्य बदमाशों ने उसके साथ मारपीट की। इसके बाद बदमाश बैग छीनकर बस से उतरकर फरार हो गए। बैग में सोने-चांदी के आभूषण, नकदी और जरूरी दस्तावेज रखे हुए थे। घटना की सूचना मिलने पर फरियादी ने परिजनों को जानकारी दी और पुलिस चौकी धराड़ पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। मामले में थाना बिलपांक में फरियादी की ओर से अपराध क्रमांक 534/2026, धारा 309(6) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज किया गया। करोड़ों की लूट की घटना को गंभीरता से लेते हुए रतलाम पुलिस ने तत्काल अलग-अलग टीमों का गठन किया। पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। इसके बाद घटनास्थल से लेकर बड़नगर तक के विभिन्न मार्गों पर लगे 300 से अधिक CCTV कैमरों के फुटेज खंगाले गए।
48 घंटे में पकड़े 6 आरोपी, दो फरार
पुलिस ने फरियादी के साथ ही बस चालक, परिचालक और क्लीनर से पूछताछ की। घटनास्थल और आसपास के क्षेत्रों से भौतिक साक्ष्य जुटाए गए। वहीं साइबर सेल ने तकनीकी और डिजिटल साक्ष्यों का विश्लेषण कर संदिग्धों की गतिविधियों को ट्रेस किया। तकनीकी और भौतिक साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने संदिग्धों को चिन्हित किया। 15 अगस्त को पुलिस को सूचना मिली कि वारदात में शामिल आरोपी हिम्मतगढ़ पहाड़ी क्षेत्र में मौजूद हैं और लूट का माल भी उनके पास है। सूचना मिलते ही पुलिस टीमों ने घेराबंदी की और 6 संदिग्धों को हिरासत में लिया। पूछताछ और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों ने वारदात में शामिल होना स्वीकार किया। इसके बाद पुलिस ने सभी 6 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया और उनके कब्जे से लूटे गए सोने-चांदी के आभूषण बरामद कर लिए। पुलिस के अनुसार वारदात में शामिल रोहित नायक, निवासी रामरहिम नगर रतलाम और गौरव गुर्जर, निवासी हरसोला इंदौर अभी फरार हैं। पुलिस दोनों की तलाश कर रही है।
238 नग सोने के जेवर, 183 नग चांदी के जेवर बरामद
पुलिस ने आरोपियों से सोने के 238 नग जेवरात, वजन 4.167 किलोग्राम, डिब्बों सहित करीब 5.32 करोड़ रुपए कीमत के बरामद किए हैं। इसके अलावा चांदी के 183 नग जेवरात, वजन 4.047 किलोग्राम, कीमत करीब 9 लाख रुपए बरामद किए गए हैं। इस तरह पुलिस ने करीब 5.5 करोड़ रुपए कीमत का लूटा हुआ मशरूका बरामद किया। पुलिस ने मामले में राहुल पिता सोदान गुर्जर (24), निवासी ग्राम ऊनी थाना बिलपांक, अभिजीत उर्फ अभय पिता दिनेश गुर्जर (22), निवासी ग्राम ऊनी, युवा पिता कैलाश गुर्जर (28), निवासी बालागंज बरगुंडा स्ट्रीट मंदसौर, राहुल उर्फ वीर गुर्जर पिता सुरेश गुर्जर (25), निवासी दिलीपनगर रतलाम, रवि उर्फ बबला गुर्जर पिता देवीसिंह गुर्जर (27), निवासी ग्राम जमुनिया और मोहम्मद उमर उर्फ पप्पु पिता इमाम बख्श (42), निवासी आनंद कॉलोनी रतलाम को गिरफ्तार किया है।
ये भी पढ़ें – 36 घंटे में सुलझी 7 लाख की लूट की गुत्थी, पलासिया पुलिस ने 6 आरोपियों को किया गिरफ्तार, एक की तलाश जारी








