ओडिशा की राजधानी भुवनेश्वर के नयापल्ली इलाके में बुधवार देर रात तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला। बीजू पटनायक कॉलेज के पास एक स्कॉर्पियो एसयूवी अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बने एक घर में जा घुसी। हादसे की तेज आवाज सुनकर आस-पास के लोग मौके पर पहुंच गए और इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, स्कॉर्पियो तेज गति से चल रही थी। इसी दौरान चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा, जिसके बाद एसयूवी सड़क से उतरकर सीधे घर से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि घर के बाहर खड़े दो स्कूटर भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। दोनों स्कूटर घर में रहने वाले लोगों के बताए जा रहे हैं। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की। प्रारंभिक जांच में चालक के कथित तौर पर शराब के नशे में वाहन चलाने की बात सामने आई है।
टक्कर के बाद स्कॉर्पियो घर के अंदर फंस गई थी, जिसे पुलिस की मौजूदगी में बाहर निकालकर जब्त कर लिया गया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि हादसा किन परिस्थितियों में हुआ और इसके पीछे वास्तविक कारण क्या थे। हालांकि, अब तक इस हादसे में किसी के घायल होने या हताहत होने की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
स्कूल का मुख्य द्वार गिरने से दो छात्र घायल
एक अन्य खबर में, ओडिशा के कोरापुट जिले में गुरुवार को एक सरकारी स्कूल का मुख्य द्वार गिर जाने से उसकी चपेट में आकर दो छात्र घायल हो गए। यह घटना नंदापुर ब्लॉक की कासंडी पंचायत के अंतर्गत आने वाले कलाडी प्रोजेक्ट उच्च प्राथमिक विद्यालय में उस समय हुई, जब बच्चे परिसर में प्रवेश कर रहे थे। पुलिस ने बताया कि घायल छात्रों की पहचान दीपक माझी (7 वर्ष) और कामेश खिल (8 वर्ष) के रूप में हुई है।
घायल बच्चों के परिजनों के अनुसार, छात्र सुबह स्कूल पहुंचे थे और मुख्य द्वार से अंदर दाखिल हो रहे थे। तभी जंग लगा लोहे का गेट, पास की सीमेंट की चहारदीवारी के एक हिस्से के साथ अचानक उन पर आ गिरा। पुलिस ने बताया कि घटना के तुरंत बाद ग्रामीणों और स्कूल प्रशासन ने मौके पर पहुंचकर बच्चों को मलबे से बाहर निकाला और इलाज के लिए नंदापुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। अस्पताल सूत्रों ने बताया कि दोनों छात्रों को प्राथमिक उपचार दे दिया गया है और अब वे खतरे से बाहर हैं। बीते दिन ग्वालियर रेलवे स्टेशन पर उस समय हड़कंप मच गया, जब एक काले रंग की स्कॉर्पियो प्लेटफार्म नंबर एक पर पहुंच गई।
(रिपोर्ट- शुभम कुमार)
ये भी पढ़ें-
“चरखी दादरी में हमने चलवाई गोली”, रोहित गोदारा गैंग ने ली जिम्मेदारी; ताबड़तोड़ फायरिंग में 2 की मौत








