महाराष्ट्र के गोंदिया जिले से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां तिरोड़ा तहसील स्थित बीबीटोला में कुत्तों के हमले से घबराकर एक मादा तेंदुआ पेड़ पर चढ़ गई। मादा तेंदुए काफी देर तक पेड़ पर ही रुकी रही। इस दौरान इलाके के लोगों की भीड़ जुट गई और लोग तमाशबीन बनकर पेड़ पर चढ़ी मादा तेंदुए को देखते रहे। हालांकि सूचना मिलने के बाद पुलिस की टीम भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने स्थानीय लोगों को इलाके से दूर रहने की हिदायत दी है। इसके साथ ही तीन गांवों में अलर्ट भी जारी कर दिया गया है।
कुत्तों की टोली ने किया हमला
दरअसल, खेत में कृषि कार्य कर रहे किसान पर एक मादा तेंदुए ने हमला कर दिया। तेंदुए के हमला करते ही इलाके के आवारा कुत्तों का एक झुंड मादा तेंदुए पर टूट पड़ा। कुत्तों के अप्रत्याशित हमले से बौखलाई मादा तेंदुआ जान बचाने के लिए सीधे एक ऊंचे पेड़ पर जा चढ़ी और कई घंटों तक वहीं रुकी रही। पेड़ पर बैठी ‘आदमखोर’ आफत को देखकर पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। बड़ी संख्या में तमाशबीन खेतों में इकट्ठे हो गए और पेड़ पर चढ़ी तेंदुए को देखने के लिए भीड़ लग गई। खबर मिलते ही पुलिस की टीम भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने लोगों को तेंदुए से दूर रहने की नसीहत दी।
बच्चों का वियोग बना हमले की वजह?
सूत्रों के मुताबिक, कुछ दिन पहले ही गांव वालों को इस मादा तेंदुए के दो नन्हे शावक (बच्चे) मिले थे। गांव वाले बिल्ली का बच्चा समझ कर शावकों को गांव ले आए थे। हालांकि, बाद में वन विभाग ने उन्हें सुरक्षित जंगल में छोड़ दिया था। लेकिन ऐसा माना जा रहा है कि अपने बच्चों को बचाने और इंसानों के हस्तक्षेप से बौखलाई मादा तेंदुआ अपने शावकों के साथ गांव में फिर लौट आई है और अब बदले की आग में जल रही है।
तीन गांवों में अलर्ट
फिलहाल गांव में तेंदुए की आहत और किसानों पर हमलों के बीच प्रशासन ने तीन गांवों में अलर्ट जारी कर दिया है। प्रशासन के अनुसार बीबीटोला, नहरटोला और सोनेगांव के इलाके में मादा तेंदुआ अपने दोनों शावकों के साथ लगातार घूमती देखी जा रही है। इलाके में सन्नाटा और भारी दहशत पसरी है। पुलिस विभाग और वन विभाग की टीम मौके पर पहुंच चुकी है और ग्रामीणों से रात में घरों से बाहर न निकलने की हिदायत जारी की गई है। फिलहाल तेंदुए के हमले से घायल किसान राजभुवन भैयालाल अंबुले का चेहरा और कंधा बुरी तरह जख्मी हो गया है। गंभीर हालत में उन्हें गोंदिया के निजी अस्पताल में उपचार हेतु भर्ती कराया गया है। (इनपुट- रवि आर्य)
यह भी पढ़ें-
कैमरे में कैद हुआ केरल के लैंडस्लाइड का खौफनाक वीडियो, रेस्क्यू टीम ने भागकर बचाई जान








